
वैशाली: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर दो तस्करों को दबोचा और उनके पास से 59 ग्राम स्मैक जब्त किया। बरामद स्मैक को 144 डिब्बियों में पैक किया गया था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तारी की जानकारी
सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार के अनुसार, गिरफ्तार तस्करों की पहचान मंजय लाल (सहदुल्लापुर, गंगाब्रिज थाना क्षेत्र) और जयप्रकाश (धर्मपुर, चांदपुरा थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। इनके पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक बाइक भी जब्त की गई। पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार, ये दोनों लंबे समय से निगरानी में थे।
पेडलर हैं गिरफ्तार, सरगना की तलाश जारी
एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त केवल गिरोह के पेडलर हैं। इनके मुख्य काम माल को सप्लाई करना था। पूछताछ के दौरान पुलिस को गिरोह के असली सरगना के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मुखिया भी सलाखों के पीछे होगा।
कार्रवाई और आगे की योजना
इस छापेमारी का नेतृत्व स्वयं एसडीपीओ सुबोध कुमार कर रहे थे। गंगाब्रिज थाना पुलिस और विशेष टीम अब गिरफ्तार तस्करों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशे की खेप कहां से आई थी और किन इलाकों में सप्लाई की जानी थी।
वैशाली पुलिस की यह कार्रवाई जिले में नशा तस्करों के लिए एक चेतावनी भी है।


