वैशाली, 2025।बिहार विधानसभा चुनाव के नामांकन प्रक्रिया के चौथे दिन जिला समाहरणालय वैशाली में अफरा-तफरी मच गई, जब लालगंज विधानसभा क्षेत्र के निर्दलीय प्रत्याशी और उनके छोटे भाई को पुलिस ने नामांकन के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, लालगंज विधानसभा क्षेत्र (सीट 124) से निर्दलीय प्रत्याशी अखिलेश कुमार ने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। जैसे ही वे निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष से बाहर निकले, पूर्व से इंतजार कर रही पुलिस ने उन्हें और उनके छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार प्रत्याशी अखिलेश कुमार और उनके भाई का कहना है कि यह गिरफ्तारी बेवजह और पुराने फर्जी मामले के आधार पर की गई। उन्होंने बताया कि उनका नामांकन पूरी तरह वैध था और उन्हें चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने से रोकने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस की गिरफ्तारी का आधार पश्चिमी चंपारण के बगहा स्थित चिउटांहा थाना क्षेत्र के बैरागी सोनवर्षा निवासी विकास यादव की शिकायत थी। विकास यादव ने आरोप लगाया था कि अखिलेश कुमार ने उनके पुराने ट्रैक्टर की खरीदारी में धोखाधड़ी की है। इस शिकायत पर लालगंज थाना में कांड संख्या 331/24 दर्ज की गई थी, जो अभी लंबित है। पुलिस ने इसी लंबित मामले का हवाला देते हुए अखिलेश कुमार और उनके छोटे भाई को गिरफ्तार किया।
इस गिरफ्तारी के बाद जिला समाहरणालय में अफरातफरी का माहौल बन गया। नामांकन के लिए आए अन्य प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने इसे चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश करार दिया। वहीं, प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।


