मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता ने पकौड़ी खाने का बहाना बनाकर अपने पति को बस से नीचे भेज दिया और इसी दौरान मौका पाकर अपने कथित प्रेमी के साथ फरार हो गई। घटना के बाद पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह घटना बिलारी रोडवेज बस स्टैंड की है, जहां अमरोहा जिले के रहने वाले पीतम सिंह अपनी पत्नी रिमझिम के साथ बस से घर लौट रहे थे। शादी के बाद दोनों पहली बार होली का त्योहार मनाने मायके गए थे और अब वापस ससुराल लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में जो हुआ, उसने पति की जिंदगी बदल दी।
बस स्टैंड पर रचा गया पूरा प्लान
जानकारी के अनुसार जब बस बिलारी रोडवेज बस स्टैंड पर रुकी, तो रिमझिम ने अचानक अपने पति से पकौड़ी खाने की इच्छा जताई। उसने अपने पति से कहा कि वह कैंटीन से पकौड़ी और पानी लेकर आए। पत्नी की इच्छा पूरी करने के लिए पीतम सिंह तुरंत बस से नीचे उतर गया।
लेकिन जब वह पकौड़ी लेकर वापस बस में लौटा, तो उसकी पत्नी सीट से गायब थी। पहले तो उसे लगा कि शायद वह बस के आसपास ही होगी या किसी काम से उतरी होगी। लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
फोन बंद, लोगों ने बताई सच्चाई
पति ने पत्नी को कई बार फोन मिलाने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। इसी बीच बस स्टैंड पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि उसकी पत्नी फोन पर किसी से बात करते हुए बस से उतरकर कहीं चली गई थी।
यह सुनकर पति के पैरों तले जमीन खिसक गई। उसने आसपास के इलाकों में काफी देर तक अपनी पत्नी की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद वह सीधे पुलिस थाने पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
पति ने युवक पर लगाया भगाने का आरोप
पीतम सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक इमरान के साथ पहले से प्रेम संबंध था। उसका कहना है कि पत्नी ने पहले से ही भागने की योजना बना रखी थी और पकौड़ी खाने का बहाना सिर्फ उसे बस से नीचे भेजने के लिए बनाया गया था।
पीतम सिंह के मुताबिक उसकी शादी रिमझिम से 1 दिसंबर 2025 को हुई थी और वह अभी सिर्फ 18 वर्ष की है। शादी के बाद यह पहला मौका था जब दोनों साथ में मायके से लौट रहे थे।
पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी, शुरू हुई तलाश
पति की शिकायत के बाद बिलारी थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली है। साथ ही कथित प्रेमी इमरान की भूमिका को भी जांच के दायरे में रखा गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच उपनिरीक्षक विनीत कुमार को सौंपी गई है। महिला और युवक की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला किसके साथ और किस दिशा में गई। इसके अलावा महिला के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड (CDR) भी खंगाली जा रही है, जिससे उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी मिल सके।
परिवार भी है हैरान
इस घटना के बाद पीतम सिंह के परिवार में भी गहरा दुख और हैरानी का माहौल है। पीतम के पिता ने कहा कि उन्हें अपनी बहू के ऐसे इरादों की जरा भी भनक नहीं थी। परिवार का कहना है कि उन्हें उम्मीद है कि पुलिस जल्द ही महिला और उसके साथ गए युवक का पता लगा लेगी।
फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही सच्चाई सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।


