पटना में छात्रों के प्रदर्शन पर बवाल: लाठीचार्ज से पहले SP का वीडियो वायरल, बोले- ‘पीछे हटे तो नौकरी करने लायक नहीं छोड़ूंगा’

पटना: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और दिल्ली में छात्रों के संसद मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में बुधवार को पटना में छात्रों का बड़ा प्रदर्शन हिंसक झड़प में बदल गया। गांधी मैदान से लेकर मुख्यमंत्री आवास तक हजारों छात्रों के मार्च के दौरान कई जगह पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव हुआ। इस बीच पटना पश्चिमी के पुलिस अधीक्षक (SP) संकेत कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

लाठीचार्ज से पहले SP का सख्त निर्देश

वायरल वीडियो में एसपी संकेत कुमार पुलिस जवानों को कड़े शब्दों में निर्देश देते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में वह कहते हैं—

“पीछे हटे तो नौकरी करने के लायक नहीं छोड़ूंगा।”

इसके बाद पुलिस बल प्रदर्शनकारियों की ओर बढ़ता दिखाई देता है। वीडियो सामने आने के बाद इसे लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस तेज हो गई है।

जेपी गोलंबर पर पुलिस और छात्रों में झड़प

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र राजभवन (लोकभवन) मार्च के लिए निकले। गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर के पास छात्रों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प शुरू हो गई।

आंसू गैस और वाटर कैनन का इस्तेमाल

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे। हालात और तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर करने की कार्रवाई की।

थानेदार घायल, कई पुलिसकर्मी भी चोटिल

झड़प के दौरान गांधी मैदान थाना प्रभारी के सिर में गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि कई अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिसके बाद बल प्रयोग का निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री आवास तक पहुंचे प्रदर्शनकारी

प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर भी बढ़े, जहां हजारों छात्र एकत्र हो गए। पुलिस ने पहले पानी की बौछारों से भीड़ को रोकने का प्रयास किया, लेकिन जब प्रदर्शनकारी नहीं हटे तो हल्का बल प्रयोग और आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया।

बीजेपी विधायक के काफिले पर हमला

प्रदर्शन के दौरान भागलपुर से बीजेपी विधायक रोहित पांडे के काफिले पर कथित रूप से पथराव किया गया। इस घटना में विधायक के घायल होने की सूचना है। इसके अलावा पटना आईजी की एस्कॉर्ट गाड़ी पर भी हमला होने की बात सामने आई है।

प्रशासन ने शुरू की जांच

प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो फुटेज और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के आधार पर हिंसा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामलों की जांच कर रही है। वहीं, वायरल वीडियो में एसपी संकेत कुमार के बयान को लेकर भी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।

  • ये भी पढ़े..

    सुल्तानगंज में प्रखंड कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक, सरकारी योजनाओं की समीक्षा और विभागीय अनुपस्थिति पर मांगा जाएगा स्पष्टीकरण

    Share Add as a preferred…