पटना। बिहार सरकार के उद्योग विभाग ने मधुबनी जिले के झंझारपुर में तीन दिवसीय ‘उद्यमी मेला 2025’ का आयोजन किया। मेले का शुभारंभ उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने किया। यह मेले का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को उत्पाद प्रदर्शन, विपणन और बड़े बाजार तक पहुंच का अवसर प्रदान करना है। मेले में 120 चयनित उद्यमियों को नि:शुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं।
उद्योग मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि यह मेला सिर्फ व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार की उद्यमशीलता और आत्मनिर्भरता की झलक है। यहां परंपरागत शिल्प और आधुनिक तकनीक का संगम देखने को मिलता है। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना जैसी पहलों ने युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार की दिशा में प्रेरित किया है, और यह मेला उसी सफलता का प्रतीक है।
मेले में महिला उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी रही। राज्य सरकार की योजनाओं से सशक्त बनीं कई महिला उद्यमियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। खादी ग्रामोद्योग, स्टार्टअप, पीएमजीपी, पीएमएफएमई, रैंप और जीविका के स्टॉल लगे।
हस्तशिल्प, खादी, रेशम, कृषि आधारित उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण, वस्त्र उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी और सेवा क्षेत्र के नवाचारों के साथ स्थानीय व्यंजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी आगंतुकों को आकर्षित किया।
मेला ग्रामीण उद्यमिता, नवाचार और स्वरोज़गार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है और यह 27 सितंबर 2025 तक जारी रहेगा। इस अवसर पर केंद्रीय और राज्य स्तर के अधिकारी, उद्योग विभाग के प्रतिनिधि और स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।


