
भागलपुर, 6 अगस्त 2025: नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत भवानीपुर थाना क्षेत्र के जिलेबिया मोड़ के पूरब स्थित सत्संग मंदिर के सामने कोसी की उपधारा में नहाने गए दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।
मृतकों की पहचान रायपुर गांव निवासी सन्नी कुमार (13 वर्ष), पिता विपिन शर्मा और राहुल कुमार (13 वर्ष), पिता शिव शंकर शर्मा के रूप में की गई है। दोनों आपस में मित्र थे और सोमवार की दोपहर अपने अन्य दोस्तों के साथ कोसी नदी की उपधारा में नहाने गए थे।
गहरे पानी में चले गए दोनों किशोर, तैरना नहीं आता था
प्रत्यक्षदर्शी और मृतक राहुल का छोटा भाई आदित्य कुमार ने बताया कि उनके साथ गया सत्यम कुमार तैरना जानता था, जिसने सभी को साथ ले जाकर कहा कि “कमर तक ही पानी है।” सभी लड़के हाथ पकड़ कर स्नान कर रहे थे, लेकिन अचानक राहुल और सन्नी गहरे पानी में चले गए और उनका हाथ छूट गया। दोनों को तैरना नहीं आता था, जिस कारण वे डूब गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी
जैसे ही आदित्य ने घर पर जानकारी दी, परिजन भागते हुए घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मां-बाप का हाल बेहाल, गांव में छाया मातम
हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। माताओं की चीत्कार और पिता की बेबसी ने हर आंख नम कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चे पढ़ाई में अच्छे थे और हमेशा साथ रहते थे। अब उनकी असमय मौत से पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है।
प्रशासन से मुआवजे की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से आपदा राहत कोष से मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही कोसी नदी के किनारे चेतावनी बोर्ड लगाने और बच्चों को तैराकी की प्रारंभिक जानकारी देने की योजना चलाने की भी अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं टाली जा सकें।


