
किशनगंज।एसटीएफ और किशनगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गुरुवार को रेलवे स्टेशन के पास एक किलो हेरोइन के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के शिवरामपुर निवासी बलिराम चौरसिया और बिहार के मुजफ्फरपुर की ललिता देवी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह हेरोइन मणिपुर से लाकर मध्यप्रदेश के रतलाम में डिलीवरी दी जानी थी।
किशनगंज पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने बताया कि आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों तस्करों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और पुलिस पूरे तस्करी गिरोह का नेटवर्क खंगालने में जुट गई है।


