
– किरासन तेल से जलाकर मार डाले गए दोनों बच्चे, दो आरोपी गिरफ्तार
– तकनीकी साक्ष्य, फॉरेंसिक जांच और पूछताछ के आधार पर हत्याकांड का खुलासा
पटना, 2 अगस्त: पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगवां गांव में 31 जुलाई को मिले दो बच्चों के जले हुए शवों के मामले का पटना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है। इस जघन्य हत्याकांड में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने प्रेम-प्रसंग में उपजे प्रतिशोध को मुख्य कारण मानते हुए दो अभियुक्तों शुभम कुमार और रौशन कुमार को गिरफ्तार किया है।
जांच में प्रेम-प्रसंग का एंगल आया सामने
पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंधों को लेकर उपजे विवाद, जलन और बदले की भावना से आरोपी शुभम कुमार ने अपने सहयोगी रौशन कुमार के साथ मिलकर इस नृशंस हत्या की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। बच्चों को अगवा कर किरासन तेल छिड़ककर जिंदा जलाकर मार डाला गया।
फॉरेंसिक जांच और तकनीकी अनुसंधान से मिला सुराग
घटनास्थल से किरासन तेल की खाली बोतल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। फॉरेंसिक जांच, शवों का पोस्टमार्टम, और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने जब दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की, तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना
इस हत्याकांड की क्रूरता और समाज पर इसके प्रभाव को देखते हुए पटना पुलिस द्वारा गठित SIT टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर केस का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्त में लिया। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि इस मामले में जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर सख्त सजा दिलाई जाएगी।


