
बिहार के दरभंगा जिले में देर रात मोबाइल छीनने की घटना को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हो गया। मामला लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मदारपुर इलाके का है, जहां बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। अचानक हुई पत्थरबाजी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है।
छात्र का मोबाइल छीना, बढ़ा विवाद
सूचना मिलते ही एसडीपीओ राजीव कुमार के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस पूछताछ में घायल व्यक्ति ने बताया कि मोहल्ले के कुछ युवकों ने एक लॉज में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्र का मोबाइल छीन लिया था।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले बैठी। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने ही पथराव और उपद्रव की शुरुआत की।
चार उपद्रवी हिरासत में
पुलिस ने मौके से पथराव में शामिल चार लोगों को हिरासत में लिया है। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेजा गया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिली थी कि मौलागंज में झगड़ा हो रहा है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि तीन युवकों ने मिलकर एक युवक का मोबाइल छीन लिया था।
अब तक लिखित शिकायत नहीं
पुलिस के अनुसार, अब तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस घर पर युवक मोबाइल लेने गया था, उसी परिवार के लोगों के साथ मारपीट हुई। दोनों ओर से एक-दो पत्थर फेंके गए।
इलाके में पुलिस बल तैनात
घटना के बाद कई उपद्रवी अपने-अपने घरों में छिप गए। देर रात तक पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। चार लोगों को हिरासत में लिया गया है और मामले की जांच जारी है।


