
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले से गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पौथू थाना क्षेत्र के भतारी मोड़ के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने साइकिल से घर लौट रही दो छात्राओं को कुचल दिया। हादसे में दोनों छात्राओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक छात्राएं रिश्ते में चचेरी बहनें थीं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है, जबकि आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
कोचिंग से लौट रही थीं दोनों छात्राएं
मृत छात्राओं की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के नरौला गांव निवासी अफसरी (15 वर्ष), पिता मोहम्मद रियाजुद्दीन और आशिया (15 वर्ष), पिता रुस्तम अली के रूप में हुई है। दोनों छात्राएं कोचिंग की पढ़ाई पूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रही थीं।
बिजली के खंभे से टकराई स्कॉर्पियो, फिर छात्राओं को रौंदा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराई। टक्कर के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सीधे साइकिल से जा रही दोनों छात्राओं पर चढ़ गई।
हादसा इतना भयावह था कि दोनों छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर से मचा कोहराम
दोनों छात्राओं की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सड़क जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने ओबरा–पौथू मुख्य मार्ग पर भतारी मोड़ के पास सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और सड़क सुरक्षा के स्थायी इंतजाम की मांग की।
सड़क जाम के कारण इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास शुरू किया।
औरंगाबाद सदर एसडीपीओ-2 आदित्य कुमार ने बताया,
“सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। आक्रोशित परिजनों से बातचीत की जा रही है। उन्हें समझाने का प्रयास किया जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही सड़क जाम समाप्त हो जाएगा।”
स्कॉर्पियो जब्त, चालक फरार
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। वहीं हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


