
जहानाबाद-अरवल नेशनल हाईवे-33 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सरैया गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ससुराल जा रहा था युवक
मृतक की पहचान पारसबीघा थाना क्षेत्र के पंडौल बेलदारी विगहा निवासी मंटू बिंद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंटू अपने घर से बाइक पर सवार होकर पटना जिले के श्री मोड़ थाना क्षेत्र स्थित जरखा गांव जा रहा था, जहां उसका ससुराल है।
परिजनों के अनुसार वह किसी पारिवारिक काम से ससुराल जा रहा था। इसी दौरान जहानाबाद-अरवल सीमा के पास सरैया गांव के निकट तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक फरार
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
ग्रामीणों ने सड़क किनारे रुककर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि एनएच-33 पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।
थाना क्षेत्र को लेकर बनी भ्रम की स्थिति
हादसे की सूचना मिलने के बाद किंजर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शुरुआती जांच के दौरान थाना क्षेत्र को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई। किंजर थाना पुलिस का कहना था कि घटनास्थल पारसबीघा थाना क्षेत्र में आता है।
इसके बाद पारसबीघा थाना को सूचना दी गई। थोड़ी देर बाद डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की गई।
CCTV फुटेज के जरिए डंपर की तलाश
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है।
पारसबीघा थाना प्रभारी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है और मामले की जांच की जा रही है। फरार डंपर और चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि मंटू बिंद मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
ट्रैफिक नियंत्रण की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से एनएच-33 पर भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और नियमित ट्रैफिक जांच अभियान चलाने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि हाईवे पर आए दिन हो रहे हादसों से आम लोगों में भय का माहौल है और सबसे ज्यादा बाइक सवार दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।



