मुजफ्फरपुर में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित कार नहर में गिरी, बिजली विभाग के JE समेत दो की मौत

मुजफ्फरपुर जिले के देवरिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE) समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा एकमा चौक के पास उस वक्त हुआ, जब एक कार अनियंत्रित होकर वैशाली नहर में जा गिरी। पूरी रात कार नहर में डूबी रही, लेकिन किसी को हादसे की भनक तक नहीं लगी।

सुबह दिखी डूबी कार, मची अफरा-तफरी

शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने एकमा चौक स्थित वैशाली नहर पुल के नीचे पानी में एक कार को डूबा हुआ देखा, जिसका केवल कुछ हिस्सा ही बाहर नजर आ रहा था। इसके बाद तुरंत देवरिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

क्रेन की मदद से निकाली गई कार

देवरिया थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की सहायता से कार को नहर से बाहर निकाला गया।

कार में मिले दो युवक, दोनों की हो चुकी थी मौत

कार का दरवाजा खोलने पर अंदर दो युवक अचेत अवस्था में मिले। उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान बिजली विभाग के कनीय अभियंता सनी कुमार और विभागीय कर्मी अफजल कुमार के रूप में की गई है।

ड्यूटी पर थे दोनों मृतक

पुलिस के अनुसार, दोनों मृतक मिठनपुरा थाना क्षेत्र के निवासी थे और ड्यूटी के सिलसिले में निकले थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों को जानकारी दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे को लेकर आगे की जांच की जा रही है।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह ने बताया,
“प्रथम दृष्टया यह सड़क दुर्घटना का मामला प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि कार तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नहर में गिर गई। वाहन की गति और हादसे के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”


 

  • Related Posts

    503 कार्टन शराब छोड़ने के बदले 10 लाख की डील! वर्दी पर दाग—वायरल वीडियो से बेतिया पुलिस में हड़कंप

    Share Add as a preferred…

    Continue reading