मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शनिवार सुबह एक भयावह हादसा हुआ। सरैया थाना क्षेत्र के शंकर टोला के पास स्कूल जा रही छात्राओं पर हाईटेंशन तार गिर गया। इस दर्दनाक घटना में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
तेज रफ्तार ट्रक ने बिजली का खंभा मारा, टूटकर गिरा तार
घटना बहिलवारा रूपनाथ दक्षिणी पंचायत में मुजफ्फरपुर–वैशाली सीमा के पास हुई। जानकारी के अनुसार, रोज की तरह करीब आधा दर्जन छात्राएं पैदल स्कूल जा रही थीं, इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईटेंशन वायर टूटकर सीधे छात्राओं के ऊपर आ गिरा।
एक की मौके पर मौत, तीन छात्राएं झुलसीं
करंट लगते ही चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी बच्चियों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में:
- विंध्यांचली कुमारी (पिता–सुबोध पासवान) की मौके पर ही मौत
- रितिका कुमारी,
- अंशु कुमारी,
- दिव्या कुमारी
गंभीर रूप से झुलस गईं। सभी को सरैया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।
गांव में मातम, व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों और जर्जर बिजली संरचना पर नाराज़गी जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही सरैया थाना पुलिस और वैशाली के बेलसर थाना की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। सरैया थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया ने घटना की पुष्टि की है।
तेज रफ्तार और लापरवाही बनी मौत की वजह
बिहार में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण हादसों का सिलसिला जारी है। कई बार चेतावनी और जागरूकता अभियानों के बावजूद चालक सबक नहीं लेते, जिसके चलते ऐसी घटनाएं दोहराई जाती हैं।

