बिहार में दर्दनाक हादसा: पुलिस वाहन की टक्कर से युवक की मौत, चालक पर नशे में गाड़ी चलाने का आरोप; जांच शुरू

रोहतास: बिहार के रोहतास जिले के चेनारी-कुदरा पथ पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक कृपा शंकर तिवारी की मौत हो गई। हादसा पंजाब नेशनल बैंक के समीप हुआ, जहां चेनारी थाना के पुलिस वाहन की टक्कर से युवक की मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के पिता विमल तिवारी ने आरोप लगाया कि पुलिस वाहन चालक ने जानबूझकर उनके बेटे को टक्कर मारी। उनका दावा है कि चालक शराब के नशे में था और हादसे के बाद वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना परिवार को सूचना दिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी चालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने क्या कहा?

रोहतास पुलिस ने बताया कि संबंधित पुलिस वाहन को जब्त कर लिया गया है। चालक का ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट और ब्लड सैंपल लिया गया है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और मामले की निष्पक्ष जांच होगी।

जांच के बाद ही होगा सच का खुलासा

फिलहाल मामले की जांच जारी है। एक ओर परिजन और ग्रामीण चालक पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगा रहे हैं, वहीं पुलिस शुरुआती जांच में इस दावे से इनकार कर रही है। ऐसे में अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा।

  • ये भी पढ़े..

    तकनीकी शिक्षा, स्टार्टअप और डिजिटल विकास से बिहार को मिलेगी नई रफ्तार: मुख्यमंत्री

    Share Add as a preferred…

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किए 75 अमृत भारत स्टेशन, भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण को मिली नई गति

    Share Add as a preferred…