धान रोपने जा रहे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 3 महिलाओं की मौत, कई घायल

अररिया | बिहार के अररिया जिले से मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भरगामा प्रखंड के सिरसिया-हनुमानगंज वार्ड-14 में मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पानी से भरे गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक मजदूर घायल हो गए।

धान रोपनी के लिए जा रहे थे मजदूर

जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली पर करीब 25 मजदूर सवार थे, जो सुबह खेतों में धान की रोपनी करने जा रहे थे। रास्ते में अचानक ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में पलट गया।

तीन महिलाओं की गई जान

इस हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से मीरा देवी, नैना देवी और रंजू देवी की मौत हो गई। दो महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक महिला की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई।

ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस की टीम भी घटनास्थल पहुंची। सभी घायलों को निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भरगामा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

ब्रेक फेल होने की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ने के पीछे ब्रेक फेल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

प्रशासन का बयान

अंचल अधिकारी पूजा कुमारी ने बताया कि मजदूर धान रोपने के लिए खेत जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

“हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। कई लोग घायल हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।”
पूजा कुमारी, अंचल अधिकारी

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन ने घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है।

  • ये भी पढ़े..

    पटना हाई कोर्ट का बड़ा फैसला: सिर्फ शराब की बदबू के आधार पर नौकरी नहीं छीनी जा सकती

    Share Add as a preferred…

    बिहार में बड़ी कार्रवाई: CO प्रभात कुमार गिरफ्तार, रिश्वतखोरी मामले में विजिलेंस ने वारंट पर दबोचा

    Share Add as a preferred…