
पटना | बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर द्वारा नामांकन दाखिल करने के बाद अब भाजपा ने चुनाव प्रचार को धार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बांकीपुर की जनता से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
“बांकीपुर मेरा राजनीतिक परिवार है”
नितिन नवीन ने कहा कि बांकीपुर उनके राजनीतिक जीवन का सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र रहा है और यहां की जनता से उनका वर्षों पुराना भावनात्मक रिश्ता है।
उन्होंने कहा,
“बांकीपुर की जनता चाहती थी कि मैं उनके बीच आऊं। एक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि होने के नाते मेरा कर्तव्य था कि मैं लोगों से मिलूं, इसलिए मैं पटना आया।”
“भाजपा ने समर्पित कार्यकर्ता को दिया मौका”
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने इस बार एक जमीनी और समर्पित कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।
उन्होंने कहा कि,
“करीब 20 वर्षों तक मैंने कार्यकर्ताओं और जनता के साथ मिलकर काम किया है। भाजपा ने एक छोटे कार्यकर्ता को अवसर दिया है और मुझे विश्वास है कि जनता उनका भरपूर समर्थन करेगी।”
“नीरज को भी वही आशीर्वाद दें जो मुझे मिला”
नितिन नवीन ने बताया कि नीरज कुमार सिन्हा का परिवार जनसंघ के समय से भाजपा की विचारधारा से जुड़ा रहा है और वर्षों से संगठन के लिए कार्य करता रहा है।
उन्होंने बांकीपुर की जनता से अपील करते हुए कहा,
“जिस तरह आपने मुझे वर्षों तक अपना आशीर्वाद दिया, उसी तरह मेरे छोटे भाई नीरज कुमार सिन्हा को भी विजयी बनाइए। मुझे पूरा भरोसा है कि जनता उन्हें अपना समर्थन देगी।”
विकास कार्यों का भी किया जिक्र
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि विधायक रहने के दौरान उन्होंने बांकीपुर क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम किया।
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। मुकाबले में भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर प्रमुख उम्मीदवार हैं।


