
भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र में 17 जून को हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर जनाक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। अब इस मामले में चर्चित यूट्यूबर टाइगर यादव उर्फ अनीश यादव की भी एंट्री हो गई है। टाइगर यादव मंगलवार को सीधे उस स्थान पर पहुंचे, जहां भरत तिवारी को पहली गोली लगने की बात कही जा रही है।
घटनास्थल पर पहुंचकर उन्होंने जमीन पर बैठकर खून से सनी बताई जा रही मिट्टी उठाई और उसे अपने माथे पर लगाया। इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में युवा भी मौजूद रहे।
“हम सब भरत तिवारी हैं”
मौके पर मौजूद युवाओं को संबोधित करते हुए टाइगर यादव ने कहा कि भरत तिवारी की आवाज को गोली मारकर दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि अब हर युवा भरत तिवारी के अधूरे सपनों और संघर्ष को आगे बढ़ाएगा।
उन्होंने कहा कि यह मिट्टी केवल मिट्टी नहीं, बल्कि एक संघर्ष की पहचान है और युवा इसे न्याय की लड़ाई का प्रतीक मानते हैं।
“गांव के विकास के लिए लड़ते थे भरत”
टाइगर यादव ने दावा किया कि भरत तिवारी अपने क्षेत्र की सड़क, बिजली, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए लगातार आवाज उठाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक व्यवस्था के खिलाफ मुखर होने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया।
उन्होंने गांव की जर्जर सड़कों और विकास कार्यों की स्थिति को दिखाते हुए कहा कि भरत तिवारी स्थानीय समस्याओं को लेकर अधिकारियों के समक्ष लगातार संघर्ष करते थे।
एनकाउंटर पर उठाए सवाल
टाइगर यादव ने एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करना चाहती है, तो उसे बड़े अपराधियों और माफियाओं पर भी समान सख्ती दिखानी चाहिए।
भरत तिवारी मामले को लेकर बढ़ रहा जनसमर्थन
गौरतलब है कि भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर के बाद से भोजपुर सहित बिहार के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन, कैंडल मार्च और महापंचायत जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 24 जून को बिलौटी गांव में आयोजित महापंचायत को लेकर भी लोगों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है।
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने अब सामाजिक और राजनीतिक दोनों स्तरों पर व्यापक चर्चा का रूप ले लिया है, जबकि मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर पूरे राज्य की निगाहें टिकी हुई हैं।


