मुजफ्फरपुर में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, रील बनाने के चक्कर में तीन किशोर गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में देश की अत्याधुनिक वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की गंभीर घटना सामने आई है। सोशल मीडिया के लिए रील बनाने की सनक में तीन किशोरों ने चलती ट्रेन पर पत्थर फेंक दिए। हालांकि आरपीएफ और ट्रेन में तैनात एस्कॉर्ट पार्टी की सतर्कता से तीनों को मौके से ही पकड़ लिया गया।

काटी थाना क्षेत्र में हुई घटना

यह घटना मंगलवार सुबह मुजफ्फरपुर–मोतिहारी रेलखंड पर हुई। गोरखपुर से पाटलिपुत्र जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 26502) जब काटी थाना क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े तीन किशोरों ने अचानक ट्रेन पर पत्थरबाजी शुरू कर दी।

सोशल मीडिया रील के लिए फेंके पत्थर

जानकारी के अनुसार किशोर इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रील अपलोड करने की तैयारी में थे। पत्थरबाजी के दौरान इंजन से लेकर पीछे की बोगियों तक कई पत्थर फेंके गए, जिससे ट्रेन के C-1, C-4 और E-1 कोच के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी

अचानक हुए पथराव से ट्रेन में तेज आवाज गूंजी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। इसी दौरान ट्रेन में तैनात एस्कॉर्ट पार्टी की नजर रेलवे लाइन के पास मौजूद तीनों किशोरों पर पड़ी।

मौके से तीनों किशोर हिरासत में

तत्काल आरपीएफ इंस्पेक्टर को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम बाइक से मौके पर पहुंची और तीनों किशोरों को हिरासत में ले लिया गया।

रेल एसपी विनिता कुमारी ने बताया—

“23 दिसंबर को वंदे भारत एक्सप्रेस 26502 नरकटियागंज से मुजफ्फरपुर की ओर आ रही थी। आरपीएफ को ट्रेन पर पत्थरबाजी की सूचना मिली। जांच के दौरान कुछ बच्चे खेलते हुए पाए गए। पूछताछ में तीन बच्चों ने स्वीकार किया कि उन्होंने रील बनाने के लिए ट्रेन पर पत्थर फेंके थे। तीनों की उम्र 15 वर्ष से कम है। घटना में C-1, C-4 और E-1 कोच क्षतिग्रस्त हुए हैं।”

रेल प्रशासन की सख्त चेतावनी

फिलहाल इस घटना के पीछे किसी साजिश या षड्यंत्र की पुष्टि नहीं हुई है। रेल प्रशासन ने इसे यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए चेतावनी दी है कि रेल संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और यात्रियों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


 

  • Related Posts

    503 कार्टन शराब छोड़ने के बदले 10 लाख की डील! वर्दी पर दाग—वायरल वीडियो से बेतिया पुलिस में हड़कंप

    Share Add as a preferred…

    Continue reading