पटना। बिहार विधानसभा के बजट सत्र के बीच राज्य के बजट को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है। भाजपा विधायक रत्नेश कुशवाहा ने बजट का बचाव करते हुए कहा कि यह बजट विकसित बिहार की परिकल्पना को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जबकि विपक्ष बिना पढ़े ही उसकी आलोचना कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बजट पेश होने के बाद सदन के सभी सदस्यों को इसकी प्रति दी जाती है, लेकिन विपक्ष के लोग उसे ठीक से पढ़ते ही नहीं। कुशवाहा ने तंज कसते हुए कहा कि “मोटा दस्तावेज पढ़ने की आदत नहीं है, इसलिए उन्हें बजट में किए गए प्रावधान दिख नहीं रहे।”
सड़क, उद्योग, शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस का दावा
भाजपा विधायक ने कहा कि इस बजट में बड़े सड़क कॉरिडोर, औद्योगिक विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए भारी राशि का प्रावधान किया गया है। सरकार ने आधारभूत संरचना मजबूत करने और निवेश बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है, जिससे रोजगार और विकास दोनों को गति मिलेगी।
उनका कहना है कि विपक्ष जानबूझकर सकारात्मक बिंदुओं को नजरअंदाज कर राजनीतिक माहौल बनाने में जुटा है।
तेजस्वी यादव पर भी साधा निशाना
बजट सत्र के दौरान संभावित हंगामे को लेकर पूछे गए सवाल पर रत्नेश कुशवाहा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि पहले वे अपने घर के अंदर चल रहे विवाद और बयानबाज़ी को संभालें, उसके बाद सरकार को घेरने की बात करें।
उन्होंने कहा कि सदन में सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन बहस तथ्यों पर होनी चाहिए, शोर-शराबे पर नहीं।


