21 से 29 जनवरी तक होगी जेईई मेन जनवरी सत्र की परीक्षा, आधा घंटा पहले बंद होगा प्रवेश

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित जेईई मेन जनवरी सत्र की परीक्षा 21 जनवरी से शुरू होकर 29 जनवरी तक चलेगी। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले तक ही दिया जाएगा। तय समय के बाद किसी भी स्थिति में केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। ऐसे में छात्रों को समय का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।

दो शिफ्ट में होगी परीक्षा

जेईई मेन जनवरी सत्र की परीक्षा कई तिथियों में आयोजित की जाएगी। 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी को परीक्षा दो पालियों में होगी, जबकि 29 जनवरी को परीक्षा केवल एक पाली में आयोजित की जाएगी।
पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। 29 जनवरी को एक ही शिफ्ट में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। यह परीक्षा इंजीनियरिंग में दाखिले के लिए देश की सबसे महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षाओं में से एक मानी जाती है।

बिहार से 62 हजार से अधिक परीक्षार्थी

इस वर्ष जेईई मेन जनवरी सत्र के लिए देशभर से करीब 14.10 लाख छात्रों ने पंजीकरण कराया है। इनमें बिहार से 62 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हैं। बिहार में 11 शहरों में 32 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पटना, गया, भागलपुर, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया, आरा, समस्तीपुर, बिहारशरीफ और रोहतास जैसे शहरों में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

परीक्षार्थियों के लिए सख्त दिशा-निर्देश

एनटीए ने परीक्षार्थियों के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र के बिना प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रवेश पत्र पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर परीक्षार्थियों की पहचान सत्यापित की जाएगी। इसके अलावा बायोमेट्रिक जांच के तहत अंगूठे का निशान और फोटो लिया जाएगा। छात्रों को सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म भरना अनिवार्य होगा, जिसे परीक्षा के बाद निर्धारित स्थान पर जमा करना होगा।

पहनावे को लेकर भी नियम

परीक्षा के दौरान पहनावे को लेकर भी स्पष्ट गाइडलाइन जारी की गई है। मोटे सोल वाले जूते, बड़े बटन वाले कपड़े पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से रोका जा सकता है। एनटीए ने चेतावनी दी है कि नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये वस्तुएं पूरी तरह प्रतिबंधित

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, नोट्स या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षार्थी केवल प्रवेश पत्र, वैध फोटो पहचान पत्र, पारदर्शी पानी की बोतल, आवेदन में अपलोड किया गया फोटो और सेल्फ डिक्लेरेशन फॉर्म ही साथ ले जा सकेंगे।

एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी

एनटीए ने बताया कि 21 से 24 जनवरी की परीक्षाओं के लिए प्रवेश पत्र जारी किए जा चुके हैं। वहीं 28 और 29 जनवरी की परीक्षाओं के एडमिट कार्ड परीक्षा से तीन दिन पहले जारी किए जाएंगे। एजेंसी ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।

इंजीनियरिंग में दाखिले का अहम पड़ाव

जेईई मेन परीक्षा का परिणाम आगे चलकर आईआईटी, एनआईटी, आईआईआईटी और अन्य प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश का रास्ता तय करता है। एनटीए का कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक इंतजाम किए गए हैं। छात्रों से समय पर केंद्र पहुंचने और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


 

  • Related Posts

    इंटर परीक्षा के पहले दिन सख्ती, गेट बंद होते ही छूटी किस्मत.. 9 बजते ही बंद हुए गेट, देरी से पहुंचे छात्र-छात्राएं रोते रहे बाहर; 26 निष्कासित, डीईओ की गाड़ी का शीशा टूटा

    Share Add as a preferred…

    Continue reading