भागलपुर में पिकअप वैन दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 24 घंटे में मिली अनुग्रह राशि, जिलाधिकारी ने सौंपा सहायता राशि का चेक

भागलपुर, 05 अगस्त 2025 – शाहकुंड थाना क्षेत्र के खैरी में 3 अगस्त की रात हुई भीषण पिकअप वैन दुर्घटना में जान गंवाने वाले पांच श्रद्धालुओं के आश्रितों को जिला प्रशासन की ओर से त्वरित सहायता प्रदान की गई। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने मंगलवार को मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह सहायता राशि का चेक अपने कर-कमलों से सौंपा।

घटना में जिन श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई, वे शाहकुंड प्रखंड के कस्बा खैरी और पुरानी खैरी पंचायत के निवासी थे। मृतकों में अंकुश कुमार (14 वर्ष), संतोष कुमार (20 वर्ष), मनोज कुमार (26 वर्ष), विक्रम कुमार (20 वर्ष) और रवीश कुमार उर्फ मुन्ना (13 वर्ष) शामिल हैं। सभी श्रद्धालु सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर कांवर यात्रा में शामिल होने रहे थे, तभी अनियंत्रित पिकअप वैन पलटने से वाहन तालाब में समा गया और उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर प्रशासन ने सभी मृतकों के परिजनों के लिए मृतक अनुदान योजना के अंतर्गत चार-चार लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी, और आज उन्हें औपचारिक रूप से चेक भी वितरित किया गया। इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय स्तर पर प्रशंसा की जा रही है।

इस अवसर पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने इस हादसे को अत्यंत दुःखद बताया और कहा कि कांवर यात्रा आस्था और श्रद्धा का विषय है, लेकिन इस दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखना हर किसी की जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि यात्रा के दौरान वाहन की गति पर नियंत्रण रखें और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आस्था प्रकट करें।

जिलाधिकारी ने यह भी आश्वासन दिया कि मृतकों के आश्रितों को अन्य सभी सरकारी योजनाओं का लाभ भी जल्द से जल्द उपलब्ध कराया जाएगा ताकि उन्हें पुनर्वास में कोई कठिनाई न हो।

अधिकारियों की उपस्थिति
इस मौके पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) कुंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर विकास कुमार, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, शाहकुंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचलाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।


 

  • ये भी पढ़े..

    बिहार के सरकारी स्कूलों में बड़ा बदलाव: अब हर 30 छात्रों पर मिलेगा 1 शिक्षक, नई गाइडलाइन जारी

    Share Add as a preferred…

    किसान की बेटी ने रचा इतिहास! BPSC में बनी RTO अधिकारी, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत

    Share Add as a preferred…