अतिक्रमण हटाने पहुंचीं सीओ ने पेश की इंसानियत की मिसाल, मां की मदद को गोद में उठाया बच्चा

पूर्वी चंपारण: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पताही प्रखंड से प्रशासनिक कार्रवाई के बीच मानवीय संवेदना की एक अनोखी तस्वीर सामने आई है। अतिक्रमण हटाने के अभियान के दौरान पताही की अंचलाधिकारी (सीओ) नाजनी अकरम ने ऐसा कदम उठाया, जिसकी इलाके में खूब चर्चा हो रही है।

सामान समेटने में जुटी थी महिला, बच्चे को संभालना हो रहा था मुश्किल

जानकारी के अनुसार, पताही प्रखंड के बोकानेपट्टी गांव में प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने पहुंची थी। अभियान का नेतृत्व अंचलाधिकारी नाजनी अकरम कर रही थीं। इसी दौरान उनकी नजर एक महिला पर पड़ी, जो एक तरफ अपने छोटे बच्चे को संभाल रही थी और दूसरी तरफ घर का सामान हटाने में लगी हुई थी। दोनों जिम्मेदारियां एक साथ निभाने में महिला को काफी परेशानी हो रही थी।

सीओ ने बच्चे को गोद में लेकर दिलाई राहत

महिला की परेशानी को देखते हुए सीओ नाजनी अकरम तुरंत उसके पास पहुंचीं और बच्चे को अपनी गोद में उठा लिया। कुछ देर तक उन्होंने बच्चे को दुलार किया और अपने पास रखा, जिससे महिला को सामान समेटने में आसानी हुई। इस दौरान बच्चा भी सीओ की गोद में सहज नजर आया।

बच्चे को दिया बड़ा अधिकारी बनने का संदेश

बच्चे को गोद में लेकर सीओ लगातार उससे बात करती रहीं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “बेटा, खूब मन लगाकर पढ़ना-लिखना और बड़े होकर सीओ बनना। लोगों की सेवा करना।” उनके इस व्यवहार को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों और प्रशासनिक कर्मियों ने भी सराहना की।

क्या बोलीं सीओ नाजनी अकरम?

सीओ नाजनी अकरम ने कहा कि अतिक्रमण हटाना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन इंसानियत और संवेदनशीलता भी उतनी ही जरूरी है।

“अतिक्रमण हटाना हमारी ड्यूटी है, लेकिन इंसानियत भी जरूरी है। मैंने देखा कि महिला को बच्चा संभालने और सामान हटाने दोनों में दिक्कत हो रही थी, इसलिए मैंने बच्चे को गोद में ले लिया। मैंने उसे पढ़-लिखकर बड़ा अधिकारी बनने की प्रेरणा भी दी। हमारा उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि नियमों का पालन कराना है।”

शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हुई कार्रवाई

प्रशासन की टीम जेसीबी और पुलिस बल के साथ गांव पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया, लेकिन अधिकारियों ने समझा-बुझाकर माहौल को शांत रखा। प्रशासन की ओर से लोगों को बताया गया कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कानूनन गलत है और इसे हटाना जरूरी है।

ग्रामीणों ने की जमकर तारीफ

सीओ के इस मानवीय व्यवहार की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अक्सर ऐसी कार्रवाइयों के दौरान तनाव की स्थिति बन जाती है, लेकिन इस मामले में अधिकारी की संवेदनशीलता ने लोगों का दिल जीत लिया।

स्थानीय ग्रामीण दीपक कुमार ने कहा कि उन्होंने पहली बार किसी अधिकारी को इस तरह आम लोगों की परेशानी समझते देखा है। उनके मुताबिक, कार्रवाई अपनी जगह थी, लेकिन सीओ के व्यवहार ने लोगों के मन में प्रशासन के प्रति सकारात्मक संदेश दिया।

फिलहाल, पताही की अंचलाधिकारी नाजनी अकरम की यह तस्वीर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसे लोग प्रशासन और संवेदनशीलता के बेहतर तालमेल की मिसाल बता रहे हैं।

ये भी पढ़े..

खगड़िया के स्कूल में मिड-डे मील के खाने में मिला मरा सांप का बच्चा, 30 से अधिक बच्चों की बिगड़ी तबीयत

Share Add as a preferred…

बिहार में महिलाओं के कौशल विकास और युवाओं के विदेश रोजगार को मिलेगा बढ़ावा, पटना में बनेगा स्थायी एनएसटीआई परिसर

Share Add as a preferred…