भागलपुर में दो नाबालिग छात्राओं के लापता होने का रहस्य अब और उलझता जा रहा है। 8 जनवरी से गायब जिया और सोनाक्षी का अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है। अपहरण और मानव तस्करी की आशंकाओं के बीच पुलिस को एक ऐसा सुराग हाथ लगा है, जिसने पूरे मामले की दिशा बदल दी है।
छात्रा के घर के बिस्तर के नीचे से मिले दो प्रेम-पत्र
बबरगंज थाना क्षेत्र स्थित एक छात्रा के घर में तलाशी के दौरान पुलिस को बिस्तर के नीचे से दो टिश्यू पेपर पर लिखे प्रेम-पत्र मिले हैं। इन पत्रों में माफी, प्रेम और भावनात्मक अपील के शब्द हैं। लिखा है – “अब सिर्फ तुम्हारे साथ ही प्यार करेंगे, किसी और से बात नहीं करेंगे, सॉरी बाबू…”
दोनों चिट्ठियां अलग-अलग लिखी गई हैं। इनमें कुछ नाम और शब्द काटे गए हैं, जिससे यह साफ है कि लिखने वाला अपनी पहचान छिपाना चाहता था। पुलिस इन पत्रों को अहम साक्ष्य मान रही है और इन्हीं के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
लव एंगल की एंट्री, अपहरण की थ्योरी पर भी सवाल
इन चिट्ठियों के मिलने के बाद जांच में यह एंगल सामने आया है कि मामला प्रेम-प्रसंग से भी जुड़ा हो सकता है। हालांकि पुलिस स्पष्ट कर रही है कि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। अपहरण, बहला-फुसलाकर ले जाने या किसी गिरोह की भूमिका—हर संभावना पर काम हो रहा है।
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजी जा सकती हैं चिट्ठियां
पुलिस हैंडराइटिंग, भाषा शैली और कागज की तकनीकी जांच करा रही है। जरूरत पड़ने पर इन पत्रों को फॉरेंसिक लैब भी भेजा जाएगा, ताकि लिखने वाले की पहचान तक पहुंचा जा सके।
परिजनों की बढ़ती चिंता, 10 दिन बाद भी कोई सुराग नहीं
छात्राओं के परिजन लगातार पुलिस कार्रवाई पर नजर रखे हुए हैं। उनका कहना है कि इतने दिन बीत जाने के बाद भी बेटियों का कोई पता नहीं चल सका है। अब प्रेम-पत्र मिलने से वे और असमंजस में हैं कि बेटियां कहां हैं और किस हाल में हैं।
गया, पटना और यूपी तक फैली जांच
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सिटी एसपी स्तर पर रोजाना मॉनिटरिंग की जा रही है। गया, पटना और उत्तर प्रदेश के लिंक खंगाले जा रहे हैं। दो संदिग्ध मोबाइल नंबरों से जुड़े करीब 20 से 25 कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच हो रही है। कुछ पुलिस टीमें दूसरे जिलों में भी भेजी गई हैं।
पुलिस का दावा – हर एंगल से होगी जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील है। प्रेम-प्रसंग, अपहरण, मानव तस्करी और साजिश—किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
भागलपुर में दो मासूम छात्राओं के गायब होने की यह कहानी अब पूरे शहर की चिंता बन चुकी है। हर कोई यही सवाल कर रहा है—आखिर जिया और सोनाक्षी कहां हैं?


