मौनी अमावस्या पर मिथिलांचल के हजारों कांवरियों से गूंजा अजगैबीनाथ धाम

मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। मिथिलांचल से आए हजारों कांवरियों ने उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ एवं माता पार्वती को गंगाजल अर्पित कर जीवन में सुख-शांति की कामना की।

पूरे धाम क्षेत्र में “हर हर महादेव”, “हर हर बम”, “मइया पार्वती” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

मिथिलांचल के कांवरिया परंपरागत रूप से माता पार्वती को अपनी कुलदेवी मानते हैं। इसी आस्था के साथ वे हर वर्ष मौनी अमावस्या के दिन सुल्तानगंज पहुंचते हैं। इस दिन कांवरिये मौन व्रत धारण कर गंगा स्नान करते हैं और अजगैबीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद गंगाजल लेकर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए प्रस्थान करते हैं। वहां शिवरात्रि के शुभ अवसर पर जलाभिषेक कर अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की कामना करते हैं।

अजगैबीनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी ने बताया कि मौनी अमावस्या का विशेष धार्मिक महत्व है। इस दिन किया गया गंगा स्नान और शिव-पार्वती की पूजा अत्यंत फलदायी मानी जाती है।

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में मंदिर परिसर, गंगा घाट और शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात रहा। वहीं नगर परिषद, सुल्तानगंज द्वारा घाटों और शहर में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई।

श्रद्धा, परंपरा और भक्ति के संगम से अजगैबीनाथ नगरी पूरे दिन शिवमय बनी रही।

  • Related Posts

    महाशिवरात्रि पर पटना में भक्ति की बयार: खाजपुरा शिव मंदिर पहुंचे सीएम नीतीश कुमार; शोभा यात्रा का किया स्वागत, बिहार की खुशहाली के लिए की प्रार्थना

    Share Add as a preferred…

    Continue reading