नालंदा/सारण/बक्सर, 4 नवंबर 2025 |नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने सोमवार को नालंदा के हिलसा और इस्लामपुर, सारण के लहलादपुर तथा बक्सर में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि “बिहार को कोई बिहारी ही चलाएगा, बाहरी नहीं। बदलाव, परिवर्तन, नौकरी और रोजगार के लिए हमें एक मौका दीजिए। हमारी सरकार बनी तो बिहार का हर घर खुशहाल होगा।”
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव ने सामाजिक न्याय किया था, अब वे आर्थिक न्याय करेंगे।
तेजस्वी ने आरोप लगाया कि राज्य में लागू शराबबंदी कानून सिर्फ कागजों पर रह गया है — “आज बिहार में शराब की होम डिलीवरी हो रही है। हमारी सरकार बनी तो ताड़ी से प्रतिबंध हटाया जाएगा।”
महागठबंधन की सरकार बनने पर उन्होंने हर परिवार से एक सदस्य को नौकरी देने और महिलाओं को प्रति माह ₹2,500 देने का वादा किया।
तेजस्वी ने कहा — “एनडीए के 20 साल के शासन में जो काम नहीं हुआ, वो हम 20 महीने में कर दिखाएंगे।”
हिलसा की सभा में उन्होंने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा, “पिछली बार बेईमानी करके राजद प्रत्याशी को हराया गया था। इस बार कोई गड़बड़ी दिखे तो वीडियो रिकॉर्ड कर लीजिए।”


