FB IMG 1762223849692

लखीसराय/सहरसा, 4 नवंबर 2025 |कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को लखीसराय और सहरसा में आयोजित चुनावी सभाओं में नीतीश कुमार सरकार और भाजपा पर तीखा प्रहार किया।

लखीसराय के केआरके मैदान, नया बाजार में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि “बीते 20 वर्षों से सत्ता में रहने के बावजूद नीतीश सरकार बिहार के विकास के लिए कुछ ठोस नहीं कर पाई है।”

उन्होंने कहा कि चुनाव के ठीक एक सप्ताह पहले जीविका दीदियों को 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा एक राजनीतिक घूस है, लेकिन इस भ्रष्टाचार पर कोई आवाज नहीं उठा रहा। उन्होंने सभा में उपस्थित महिलाओं से अपील की —
“आप पैसे रख लें, लेकिन वोट सोच-समझकर दें।”

सहरसा के सर हरिवल्लभ उच्च विद्यालय मैदान, सोनवर्षा में आयोजित दूसरी सभा में प्रियंका गांधी ने कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस या महागठबंधन की सरकारें हैं, वहां की जनता खुशहाल है। उन्होंने दावा किया कि “बिहार में भी चुनाव के बाद महागठबंधन की सरकार बनेगी।”

प्रियंका गांधी ने कहा कि बिहार के लाखों लोग रोजगार की तलाश में अन्य राज्यों में पलायन करने को मजबूर हैं, जबकि केंद्र सरकार अदाणी-अंबानी जैसे उद्योगपतियों का हजारों करोड़ का कर्ज माफ कर देती है, गरीबों का नहीं।

उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों पर निशाना साधते हुए कहा —
“प्रधानमंत्री मोदी तो अब नीतीश कुमार की भी नहीं सुनते। बिहार में भाजपा एकतरफा सरकार चला रही है।”


 

WhatsApp Channel VOB का चैनल JOIN करें