बेतिया/लौरिया। बिहार विधानसभा चुनाव के बीच बुधवार को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पश्चिम चंपारण के लौरिया विधानसभा क्षेत्र के बलुआ योगापट्टी में विशाल जनसभा को संबोधित किया। यह सभा INDIA गठबंधन के वीआईपी उम्मीदवार रणकौशल प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह के समर्थन में आयोजित की गई थी। जनसभा में भारी भीड़ उमड़ी और माहौल पूरी तरह चुनावी नारों से गूंज उठा।
तेजस्वी का पीएम मोदी पर सीधा वार
सभा को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा,
“मोदी जी कारखाना लगाते हैं गुजरात में और सीट लेते हैं बिहार से, यह अब नहीं चलेगा। बिहार की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। पूरे बिहार में परिवर्तन की लहर है।”
तेजस्वी ने कहा कि जनता अब रोजगार और विकास चाहती है, सिर्फ वादों और भाषणों से काम नहीं चलेगा।
महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा – खाते में ₹30,000
महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए तेजस्वी यादव ने बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर ‘माई-बहिन योजना’ के तहत हर महिला के खाते में 14 जनवरी को ₹30,000 भेजे जाएंगे।
यह घोषणा सुनते ही सभा में उपस्थित महिलाएं उत्साह से झूम उठीं।
वीआईपी उम्मीदवार के समर्थन में वोट की अपील
तेजस्वी ने मंच से वीआईपी प्रत्याशी रणकौशल प्रताप सिंह के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिहार के भविष्य का चुनाव है और जनता को गठबंधन के प्रत्याशी को भारी मतों से जिताना चाहिए।
सभा के अंत में बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने नारेबाजी कर माहौल और जोशीला कर दिया।
“हेलीकॉप्टर को ट्रैक्टर बना दिया है” – तेजस्वी
पूर्वी चंपारण में अपने चुनाव अभियान के दौरान तेजस्वी ने तंज भरे अंदाज में कहा,
“मैंने अपने हेलीकॉप्टर को ट्रैक्टर बना दिया है। मेरे एक हेलीकॉप्टर के पीछे विपक्ष ने 30 हेलीकॉप्टर लगा दिए हैं।”
उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स और छापेमारी के जरिए दबाने की कोशिश कर रही है लेकिन वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।
तेजस्वी ने पूर्वी चंपारण के कल्याणपुर, हरसिद्धि और मोतिहारी विधानसभा क्षेत्रों में भी सभा कर महागठबंधन प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
बेतिया और पूर्वी चंपारण में तेजस्वी की रैलियों में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिसने महागठबंधन खेमे में नया उत्साह भर दिया।


