
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। औराई थाना क्षेत्र के राजखंड गांव में देर रात बदमाशों ने एक इंडियन एयरफोर्स अधिकारी के घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती को बंधक बनाया और करीब 30 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सीढ़ी के सहारे घर में घुसे बदमाश
घटना राजखंड गांव के वार्ड संख्या-1 की है। पीड़ित रिटायर शिक्षक शंकर दयाल शाही अपनी पत्नी सुनीता देवी के साथ घर में सो रहे थे। देर रात करीब 12 बजे बदमाश सीढ़ी के सहारे घर में दाखिल हुए और हथियार के बल पर दंपती को अपने कब्जे में ले लिया।
आंखों पर पट्टी बांधकर दो घंटे तक की लूटपाट
बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती की आंखों पर पट्टी बांध दी और हाथ-पैर बांधकर करीब दो घंटे तक पूरे घर में आराम से लूटपाट करते रहे। इस दौरान उन्होंने आलमारी और ट्रंक तोड़कर करीब 200 ग्राम सोना, एक किलोग्राम चांदी के आभूषण, 70 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान लूट लिया।
एयरफोर्स अधिकारी का है घर
स्थानीय लोगों के अनुसार, दंपती घर में अकेले रहते हैं। उनका बड़ा बेटा भारतीय वायुसेना में वारंट ऑफिसर है और वर्तमान में राजस्थान में तैनात है, जबकि छोटा बेटा छत्तीसगढ़ में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत है।
बाहर से दरवाजा बंद कर फरार हुए बदमाश
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और फरार हो गए। काफी मशक्कत के बाद बुजुर्ग दंपती ने खुद को मुक्त किया और पड़ोसियों तथा परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी (ईस्ट-1) अलय वत्स ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा,
“घर में डकैती की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों के आवेदन के आधार पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।”
पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।


