भागलपुर।जगदीशपुर प्रखंड के राजकीय आदर्श मध्य विद्यालय, बैजानी में शनिवार को शिक्षक–अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के शैक्षणिक, नैतिक और सर्वांगीण विकास को लेकर शिक्षक और अभिभावकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक विवेकानंद झा ने की, जबकि विद्यालय शिक्षा समिति के सचिव गुंजन ठाकुर ने संचालन किया। गोष्ठी में शिक्षकों और अभिभावकों ने मिलकर बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने पर विचार-विमर्श किया।
शिक्षकों और अभिभावकों का संवाद
गोष्ठी में शिक्षक विनोद झा, राकेश झा, निरंजन कुमार, मोहम्मद तजम्मुद हुसैन, मुमताज कानो, रागिनी कुमारी शर्मा, नंदिनी, सोनम प्रिया, अराधना कुमारी और फरजाना ने अपनी-अपनी बातें रखीं। सभी ने बच्चों की नियमित उपस्थिति, समय पर गृहकार्य और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया।
अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन व्यवस्था और शिक्षकों की कार्यशैली की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बताया।
मेधावी छात्रों का सम्मान
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्रों को उनकी शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कार वितरण रहा। मंच से सम्मान पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे, वहीं अभिभावकों में गर्व झलकता नजर आया।
सकारात्मक माहौल का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने विद्यालय में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने और आपसी सहयोग से बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी सेविका परिणीता झा, रश्मि रानी और रंभा कुमारी भी मौजूद रहीं।


