बिहार में तालिबानी सजा! प्रेमी-प्रेमिका का सिर मुंडवाया, जूतों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया, वीडियो वायरल

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बंजरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित प्रेम संबंध के आरोप में ग्रामीणों ने एक युवक और महिला को पकड़कर तालिबानी सजा दे डाली। दोनों के साथ पहले बेरहमी से मारपीट की गई, फिर सिर मुंडवाकर गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और पूरे गांव में घुमाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई है।

महिला से मिलने पहुंचा था युवक, रंगे हाथ पकड़ने का दावा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, महिला अपने घर पर थी, तभी पड़ोसी पंचायत का रहने वाला उसका कथित प्रेमी उससे मिलने पहुंचा। परिजनों ने दोनों को एक साथ देख लिया और पकड़ लिया। इसके बाद देखते ही देखते गांव में भीड़ जुट गई और लोगों ने कानून अपने हाथ में ले लिया।

भीड़ बनी ‘जज’, दी अमानवीय सजा

आरोप है कि ग्रामीणों ने दोनों की जमकर पिटाई की। अगले दिन नाई बुलाकर युवक और महिला का सिर मुंडवा दिया गया। इतना ही नहीं, दोनों के गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग तमाशबीन बने रहे और कई लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

पहले से थी पहचान, परिवारों का था आना-जाना

ग्रामीणों का कहना है कि दोनों परिवारों के पुरुष राजमिस्त्री का काम करते हैं, जिससे दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। इसी दौरान युवक और महिला के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए। परिवार वालों को पहले से दोनों पर शक था और वे उन्हें रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश में थे।

डायल-112 पहुंची, दोनों को थाने ले गई

मामले की सूचना मिलने के बाद डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और युवक तथा महिला को भीड़ के चंगुल से निकालकर थाने ले गई। हालांकि, सवाल यह भी उठ रहा है कि घंटों तक सार्वजनिक रूप से प्रताड़ना चलती रही, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक क्यों नहीं लगी।

वीडियो वायरल, पुलिस ने शुरू की जांच

बंजरिया थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। फिलहाल पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा, “कानून हाथ में लेने की इजाजत किसी को नहीं है। यदि जांच में वीडियो सही पाया गया तो संबंधित लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

मानवाधिकार और कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

यह घटना सिर्फ कथित प्रेम संबंध का मामला नहीं, बल्कि भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने, सार्वजनिक अपमान और मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला भी बन गई है। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।

  • ये भी पढ़े..

    20 साल बाद खाली हुआ 10 सर्कुलर रोड: राबड़ी देवी ने छोड़ा सरकारी बंगला, अब कौटिल्य नगर स्थित निजी आवास में रहेंगी

    Share Add as a preferred…

    अश्लील वीडियो कांड में बड़ा अपडेट: पुलिस दबिश के बाद रेहान खलीफा ने पटना में किया सरेंडर, स्पीडी ट्रायल की तैयारी

    Share Add as a preferred…