टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हीरो संजू सैमसन बन सकते हैं भारत के अगले टी20 कप्तान

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन इन दिनों काफी चर्चा में हैं। फाइनल समेत लगातार तीन नॉकआउट मैचों में अर्धशतक लगाकर सैमसन ने टीम इंडिया को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। उनके इस दमदार प्रदर्शन के बाद अब उन्हें भारतीय टी20 टीम का अगला कप्तान बनाए जाने की चर्चा तेज हो गई है।

दरअसल, मौजूदा टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी उनका बल्ला खास नहीं चला। इसके अलावा सूर्यकुमार यादव की उम्र 35 साल हो चुकी है और 2028 के टी20 वर्ल्ड कप तक वह 37 साल के हो जाएंगे। ऐसे में माना जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए कप्तान पर विचार कर सकता है।

भारतीय टीम में इससे पहले भी ऐसा फैसला लिया जा चुका है। जब रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीती थी, लेकिन बाद में वनडे टीम की कप्तानी शुभमन गिल को सौंप दी गई थी।

इसी बीच भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने अगले टी20 कप्तान को लेकर अपनी राय रखी है। एक बातचीत के दौरान कैफ ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि अगला कप्तान कौन बनेगा, लेकिन संजू सैमसन में कप्तानी करने की पूरी क्षमता है।

उन्होंने कहा, “अभी यह कहना मुश्किल है कि आगे क्या होगा, लेकिन संजू सैमसन कप्तानी के मजबूत दावेदार हो सकते हैं। एक अच्छा कप्तान वही होता है जिसने क्रिकेट की दुनिया को करीब से देखा हो और जो सही प्लेइंग इलेवन चुनने के साथ-साथ खराब फॉर्म से गुजर रहे खिलाड़ियों का भी समर्थन कर सके।”

कैफ का मानना है कि सैमसन खुद भी अपने करियर में उतार-चढ़ाव देख चुके हैं, इसलिए वह खिलाड़ियों की स्थिति को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर सूर्यकुमार यादव अच्छा प्रदर्शन करते रहते हैं तो वह कप्तानी जारी रख सकते हैं, क्योंकि टी20 जैसे छोटे फॉर्मेट में अनुभव भी काफी मायने रखता है।

अगर भविष्य में सूर्यकुमार यादव टी20 कप्तानी छोड़ते हैं, तो संजू सैमसन उनकी जगह लेने के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।

सैमसन के पास कप्तानी का अनुभव

संजू सैमसन के पास कप्तानी का अच्छा अनुभव भी है। उन्होंने 2021 से 2025 तक आईपीएल में राजस्थान टीम की कप्तानी की। उनकी अगुवाई में टीम 2022 में फाइनल तक पहुंची थी, हालांकि वहां गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

हाल ही में हुए आईपीएल 2026 के लिए सैमसन टीम बदल चुके हैं। अब वह चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने इस टूर्नामेंट में 5 मैचों में 80.25 की औसत और 199.38 के स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। अपने इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।

  • Related Posts