डेरिल मिचेल को गेंद मारना पड़ा भारी, अर्शदीप सिंह पर ICC ने लगाया जुर्माना

टीम इंडिया ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। हालांकि इस शानदार जीत के बीच भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को एक विवाद के कारण अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की कार्रवाई का सामना करना पड़ा है। आईसीसी ने उन्हें आचार संहिता के लेवल-1 के उल्लंघन का दोषी पाया है और मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है।

क्या है पूरा मामला?
यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 11वें ओवर के दौरान हुई। इस ओवर में न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने अर्शदीप सिंह की गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाए। इसके बाद ओवर की पांचवीं गेंद पर मिचेल ने सामने की ओर शॉट खेला, जिस पर गेंद अर्शदीप के पास पहुंच गई।

फॉलो-थ्रू के दौरान अर्शदीप ने गेंद को विकेट की ओर फेंकने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे डेरिल मिचेल की जांघ पर जा लगी। इस घटना से मिचेल नाराज हो गए और आक्रामक अंदाज में अर्शदीप की ओर बढ़ते हुए इशारे करने लगे।

स्थिति को संभालने के लिए अंपायरों और भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव को बीच में आना पड़ा। अंपायरों ने अर्शदीप से बात कर उन्हें चेतावनी दी, जिसके कारण मैदान पर कुछ देर तक बहस भी देखने को मिली। हालांकि ओवर खत्म होने के बाद अर्शदीप सिंह ने डेरिल मिचेल से माफी मांग ली थी।

आईसीसी ने लगाया जुर्माना
इस घटना को लेकर आईसीसी ने अर्शदीप सिंह पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। उन्हें खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए बनाए गए आईसीसी के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया।

यह नियम किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर या उसके पास खतरनाक या अनुचित तरीके से गेंद या क्रिकेट से जुड़ा सामान फेंकने से संबंधित है।

इसके अलावा अर्शदीप सिंह के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला डिमेरिट पॉइंट है, जो अगले 24 महीने तक सक्रिय रहेगा। यदि किसी खिलाड़ी के खाते में 4 डिमेरिट पॉइंट हो जाते हैं, तो उस पर निलंबन (बैन) भी लगाया जा सकता है।

 

  • ये भी पढ़े..

    वैभव सूर्यवंशी का तूफान, इंडिया A बनी ट्राई सीरीज चैंपियन; फाइनल में श्रीलंका A को 66 रन से हराया

    Share Add as a preferred…