
सासाराम/रोहतास: बिहार के रोहतास जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में पढ़ाई कर रहे तृतीय वर्ष के एमबीबीएस छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
मृतक छात्र की पहचान मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के महेसुआ गांव निवासी 26 वर्षीय हिमांशु बिहारी के रूप में हुई है। वह पिछले तीन वर्षों से नारायण मेडिकल कॉलेज में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा था।
परिजनों को मिली तबीयत बिगड़ने की सूचना
जानकारी के अनुसार, कॉलेज प्रशासन ने परिजनों को फोन कर बताया कि हिमांशु की अचानक तबीयत बिगड़ गई है और उसका इलाज किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद परिजन आनन-फानन में रोहतास पहुंचे, लेकिन तब तक छात्र की मौत हो चुकी थी।
मृतक के पिता रमन कुमार राणा ने बताया कि उनके बेटे को किसी प्रकार की गंभीर बीमारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि आखिर अचानक ऐसी क्या स्थिति बनी कि उसके बेटे की मौत हो गई, इसकी जानकारी अब तक उन्हें नहीं दी गई है।
मेडिकल बोर्ड करेगा मौत की गुत्थी का खुलासा
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेज दिया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉक्टरों का विशेष मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है।
मेडिकल बोर्ड में शामिल चिकित्सक डॉ. विनीत आनंद ने बताया कि विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा शव परीक्षण किया जा रहा है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
डेहरी के एएसपी अतुलेश झा ने बताया कि मेडिकल छात्र की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। आवेदन मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि छात्र की मौत सामान्य थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
कॉलेज परिसर में पसरा मातम
एमबीबीएस छात्र की अचानक मौत के बाद नारायण मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के बीच शोक का माहौल है। वहीं, परिजन मौत को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं। अब सबकी निगाहें मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।


