भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध क्लिनिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान शांति देवी मुरारका कन्या मध्य विद्यालय के पास स्थित आरोग्य सेवा सदन को जांच के बाद सील कर दिया गया।
रेफरल अस्पताल के मैनेजर रमन कुमार सिंह और थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई। जांच के दौरान क्लिनिक से कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। टीम ने पाया कि किचन के बगल में ही ऑपरेशन थिएटर बनाया गया था, न तो डॉक्टर मौजूद थे और न ही मरीजों के लिए सुरक्षित बेड की व्यवस्था। पूरे परिसर में गंदगी फैली हुई थी, जिससे मरीजों की जान जोखिम में थी।
रेफरल अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पटना उच्च न्यायालय के आदेश के बाद की गई है। जांच में गंभीर खामियां मिलने के बाद आरोग्य सेवा सदन को तुरंत सील कर दिया गया।
इस छापेमारी में बालाजी डायग्नोस्टिक सेंटर की भी जांच की गई, जहां विभिन्न कागजातों को खंगाला गया। अधिकारियों का कहना है कि आगे भी सुल्तानगंज और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से चल रहे क्लिनिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
छापेमारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने प्रशासन की इस सख्ती का स्वागत किया।


