बिहार में दूसरे दिन भी उग्र हुआ छात्र आंदोलन, कई जिलों में प्रदर्शन; कटिहार और दरभंगा में पुलिस-छात्रों की झड़प

पटना: NEET पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बिहार में छात्रों का आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। गुरुवार को आंदोलन का दायरा पटना से निकलकर दरभंगा, कटिहार, बेगूसराय समेत कई जिलों तक फैल गया। बुधवार की घटनाओं के बाद पुलिस पहले से अलर्ट थी और संवेदनशील इलाकों में भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया था।

कटिहार और दरभंगा में बढ़ा तनाव

दरभंगा और कटिहार में प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए। पुलिस के अनुसार, कुछ प्रदर्शनकारियों ने सरकारी परिसर की ओर बढ़ने और सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ स्थानों पर आंसू गैस के गोले और वॉटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। इन घटनाओं में कई छात्रों के घायल होने की सूचना है।

हजारों छात्र सड़कों पर उतरे

गुरुवार सुबह से ही हजारों छात्र और विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ता झंडे, बैनर और पोस्टर लेकर सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने कई जिलों में जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई।

कटिहार में प्रदर्शनकारी डीएम कार्यालय पहुंचे, जहां पुलिस और छात्रों के बीच तनाव बढ़ गया। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए कार्रवाई की।

छात्रों की क्या हैं मांगें?

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि पिछले वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है। उनका आरोप है कि अब तक दोषियों के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई है।

छात्रों की प्रमुख मांगें हैं:

  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा।
  • पेपर लीक मामलों के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई।
  • परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना।

बेगूसराय में भी निकला विशाल मार्च

बेगूसराय में जी.डी. कॉलेज से हजारों छात्रों ने रैली निकाली, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय (डीएम कार्यालय) पहुंची। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग दोहराई।

छात्रों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

  • ये भी पढ़े..

    भागलपुर में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, आईसीयू, पैथोलॉजी और डायलिसिस सेवाओं की शुरुआत

    Share Add as a preferred…