पटना | 17 जुलाई 2025:आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार ने राज्य में विधि-व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा ने बुधवार को सात सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
उन्होंने निर्देश दिया कि भू-माफियाओं और तस्करों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पुलिस अधीक्षक स्तर पर स्पेशल सेल गठित कर सभी विभागों से अपराधियों की जानकारी संकलित की जाएगी।
फरार अपराधियों पर कुर्की और गिरफ्तारी का निर्देश
मुख्य सचिव ने कहा कि जो कुख्यात अपराधी फरार चल रहे हैं, उनकी संपत्ति कुर्क की जाए और व्यापक अभियान चलाकर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने पुलिस को निर्देशित किया कि अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सीसीए (Crime Control Act) के तहत कार्रवाई करें और वाहनों की जांच व अवैध शराब के खिलाफ निरंतर छापेमारी जारी रखें।
आर्म्स एक्ट के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई
बैठक में मौजूद पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि
- आर्म्स एक्ट के दोषियों को एक माह के भीतर नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाए।
- दोषी हथियार विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द किए जाएं।
- शस्त्र लाइसेंस धारकों और दुकानों का गहन सत्यापन समयबद्ध तरीके से किया जाए।
SC/ST मामलों और पीक ऑवर्स चेकिंग पर विशेष ध्यान
मुख्य सचिव ने कहा कि अनुसूचित जाति/जनजाति से संबंधित लंबित मामलों का तेजी से निष्पादन किया जाए।
उन्होंने पुलिस को मिशन मोड में काम करने का निर्देश दिया और पीक ऑवर्स में वाहनों की जांच सघन रूप से करने पर जोर दिया।
चुनाव केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित हों
बैठक में सुपौल, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, अररिया और किशनगंज जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली, रैम्प व फर्नीचर जैसी सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
इसके साथ ही, चुनाव ड्यूटी में लगाए जाने वाले अर्द्धसैनिक बलों (CAPF) के ठहराव के लिए चिन्हित भवनों में सभी आवश्यक व्यवस्था की जाए।
बैठक में मौजूद रहे वरिष्ठ अधिकारी
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में
- मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल
- गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविन्द कुमार चौधरी
- पुलिस महानिदेशक विनय कुमार
- एडीजी (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन
- तथा संबंधित जिलों के डीएम और एसपी उपस्थित थे।


