पटना, 17 जुलाई 2025।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्रामीण कार्य विभाग की 21406.36 करोड़ रुपये की योजनाओं का रिमोट से कार्यारंभ एवं शिलान्यास किया। इन योजनाओं में 11346 सड़क परियोजनाएं और 730 पुलों का निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संकल्प’ सभागार में किया गया, जहां ग्रामीण कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से इन परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न योजनाओं की प्रगति, अद्यतन स्थिति, और भविष्य की रूपरेखा को मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभाग द्वारा ग्रामीण पथों एवं पुलों का निर्माण और रख-रखाव सराहनीय ढंग से किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं ताकि ग्रामीण जनता को आवागमन में और अधिक सहूलियत मिल सके।
प्रमुख योजनाओं की जानकारी:
- ग्रामीण सड़क सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन कार्यक्रम के तहत
- 5047 सड़कों (8893 किमी), लागत: ₹6198 करोड़ – कार्यारंभ
- 4079 सड़कों (6484 किमी), लागत: ₹5627 करोड़ – शिलान्यास
- मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना
- 409 पुल (लागत: ₹1859 करोड़) – कार्यारंभ
- 295 पुल (लागत: ₹1792 करोड़) – शिलान्यास
- राज्य योजना के तहत 29 योजनाएं (लागत: ₹327 करोड़) – कार्यारंभ व शिलान्यास
- मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना (अवशेष)
- 301 सड़कें (490 किमी), लागत: ₹618 करोड़ – कार्यारंभ
- 1908 सड़कें (3397 किमी), लागत: ₹4884 करोड़ – शिलान्यास
- सुलभ संपर्कता योजना
- 8 योजनाएं, कुल लागत: ₹101 करोड़ – कार्यारंभ/शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य हर गांव और टोलों तक पक्की सड़कों का निर्माण कर स्थायी संपर्कता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि राज्य के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


