पटना, रविवार: बिहार में हाल ही में आई असमय आँधी और बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर राज्य सरकार सक्रिय हो गई है। कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने सभी जिलों में फसल क्षति का जल्द से जल्द आकलन करने का निर्देश दिया है।
मंत्री ने प्रधान सचिव, कृषि निदेशक, उद्यान निदेशक सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तुरंत प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर नुकसान की रिपोर्ट तैयार करें। साथ ही, कृषि विभाग की टीमों को सक्रिय करते हुए किसानों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार इस आपदा की घड़ी में किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत मिले।
कृषि मंत्री ने स्पष्ट किया कि फसल क्षति के आकलन की रिपोर्ट मिलते ही विभाग वैकल्पिक फसलों के बीज और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ितों का है।
सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राहत कार्य में किसी भी तरह की देरी न हो और किसानों तक सहायता जल्द से जल्द पहुंचाई जाए।


