
Jitan Ram Manjhi पर बिहार के Gaya जिले में शुक्रवार शाम पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। इस हमले में केंद्रीय मंत्री बाल-बाल बच गए, जबकि उनके पीछे खड़े सुरक्षाकर्मी को पत्थर लग गया। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना गया जिले के खिजरसराय प्रखंड स्थित St. Thomas English School में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे, जहां स्कूल प्रबंधन की ओर से उनका सम्मान भी किया गया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही जीतन राम मांझी मंच से लोगों को संबोधित करने के लिए आगे बढ़े, तभी कार्यक्रम स्थल के बाहर से किसी ने पत्थर फेंक दिया। पत्थर सीधे उनके पीछे खड़े अंगरक्षक को जा लगा। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित किया।
Khizersarai Police Station की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस प्रशासन और केंद्रीय मंत्री की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
गौरतलब है कि इससे पहले भी जीतन राम मांझी के परिवार को निशाना बनाया जा चुका है। 17 मई को उनकी समधन और Jyoti Manjhi के काफिले पर मोहनपुर प्रखंड में हमला हुआ था। उस मामले में पुलिस कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
इसके अलावा हाल ही में सोशल मीडिया पर भी जीतन राम मांझी को धमकी दी गई थी। एक युवक ने वीडियो जारी कर कहा था कि “अभी समधन पर हमला हुआ है, आगे उन पर भी हो सकता है।” पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया था, जिसकी जानकारी शुक्रवार को सार्वजनिक की गई।


