
गया: विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर, बोधगया में एक बार फिर श्रद्धालुओं और विदेशी पर्यटकों की चहल-पहल लौटने की तैयारी शुरू हो गई है। बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (BTMC) ने वर्ष 2026-27 के लिए विशेष पूजा एवं धार्मिक आयोजनों का आधिकारिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इसके साथ ही नए पर्यटन सीजन की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।
बीटीएमसी का मानना है कि इस बार देश-विदेश से बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु और पर्यटक बोधगया पहुंचेंगे, जिससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन उद्योग को भी बड़ा लाभ मिलेगा।
27 अगस्त से होगी सीजन की पहली विशेष पूजा
जारी कैलेंडर के अनुसार नए धार्मिक सत्र की शुरुआत 27 अगस्त 2026 को ‘संधा दाना प्रेयर’ से होगी। इसके बाद सितंबर से लगातार विभिन्न देशों के बौद्ध संगठनों द्वारा विशेष पूजा, ध्यान शिविर और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस सीजन की अंतिम विशेष पूजा 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक आयोजित होने वाले थाईलैंड चैटिंग कार्यक्रम के साथ संपन्न होगी।
लगातार होंगे अंतरराष्ट्रीय धार्मिक आयोजन
बीटीएमसी के अनुसार 7 सितंबर 2026 से 31 अक्टूबर 2026 तक 49 डे रिट्रीट, चैटिंग, शुरंगमा मंत्र और क्षितिगर्भ सूत्र पर आधारित विशेष पूजा एवं साधना कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों में विभिन्न देशों से हजारों बौद्ध श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
व्यापारियों को अच्छे सीजन की उम्मीद
बोधगया के होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट, टैक्सी, हस्तशिल्प और अन्य व्यवसाय से जुड़े लोगों में पूजा कैलेंडर जारी होने के बाद उत्साह का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार पर्यटन सीजन बेहतर रहने की उम्मीद है।
उनका मानना है कि सरकार, जिला प्रशासन और बीटीएमसी द्वारा लगातार विकसित की जा रही सुविधाओं का सीधा फायदा पर्यटन और व्यापार दोनों को मिलेगा।
दलाई लामा के आगमन पर टिकी निगाहें
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि परम पावन दलाई लामा इस वर्ष बोधगया आते हैं, तो विदेशी श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना वृद्धि हो सकती है।
हर वर्ष दिसंबर के अंतिम सप्ताह से जनवरी तक दलाई लामा की विशेष शिक्षाएं (Teaching Program) आयोजित होती हैं, जिसमें दुनिया भर से बौद्ध अनुयायी शामिल होते हैं। हालांकि, वर्ष 2026-27 के लिए उनके आगमन को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
कोरोना के बाद अब फिर बढ़ रही पर्यटन गतिविधियां
कोरोना महामारी के बाद बोधगया में विदेशी पर्यटकों की संख्या में गिरावट आई थी, लेकिन अब हालात तेजी से सुधर रहे हैं। बीटीएमसी के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी 2025 से मार्च 2026 के बीच 32 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने महाबोधि मंदिर में दर्शन किए।
बीटीएमसी को उम्मीद है कि 2026-27 का पर्यटन सीजन पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक सफल रहेगा तथा बोधगया एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा।


