भवन निर्माण विभाग की योजनाओं की राजस्तरीय समीक्षा, लंबित परियोजनाओं में तेजी के सख्त निर्देश

सचिव की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक

भवन निर्माण विभाग के सचिव श्री कुमार रवि की अध्यक्षता में आज अधिवेशन भवन, पटना में राजस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भवन निर्माण विभाग तथा बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित विभागीय योजनाओं सहित कुल 19 विभागों की निर्माणाधीन परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई।

वरिष्ठ अधिकारियों की व्यापक भागीदारी
समीक्षा बैठक में भवन निर्माण विभाग के अपर सचिव, संयुक्त सचिव, मुख्य अभियंता, निदेशक अनुश्रवण, अधीक्षण अभियंता, कार्यपालक अभियंता तथा विभिन्न प्रशासी विभागों के नोडल पदाधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पीछे चल रही योजनाओं को तेजी से पूरा करने पर जोर
बैठक के दौरान प्रशासी विभागों की योजनाओं के कार्यों में तेजी लाने, निर्धारित कार्ययोजना से पीछे चल रही परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं के निराकरण को लेकर गहन समीक्षा की गई। सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं में अनावश्यक देरी हो रही है, उनके लिए जिम्मेदारी तय की जाए।

मंडल कारा और अभियंत्रण महाविद्यालयों के निर्माण कार्यों की समीक्षा
विभिन्न जिलों के मंडल कारा में हो रहे निर्माण कार्यों को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश कार्यपालक अभियंताओं को दिए गए। साथ ही कार्य पूर्ण होने के बाद हैंडओवर की प्रक्रिया समय पर पूरी करने को कहा गया। अभियंत्रण महाविद्यालयों में अतिरिक्त भवनों के निर्माण को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया और स्पष्ट किया गया कि इसके लिए अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। लंबित परियोजनाओं में देरी करने वाले संवेदकों को डिबार करने के निर्देश भी दिए गए।

विद्यालय, छात्रावास और अटल कला भवन परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए निर्माणाधीन विद्यालयों एवं छात्रावासों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि कई विद्यालयों का निर्माण शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। अररिया, नवादा, कैमूर सहित सात जिलों में अटल कला भवनों के निर्माण की जानकारी दी गई, जहां प्रत्येक कला भवन की क्षमता 620 सीटों की होगी।

खेल संरचनाओं और विश्वविद्यालय भवनों पर फोकस
राजगीर खेल परिसर के शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अन्य खेल संरचनाओं के निर्माण कार्यों में भी गति लाने पर जोर दिया गया। बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के शेष भवनों के निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने का भी निर्देश दिया गया।

पंचायत सरकार भवन और प्रखंड कार्यालयों की प्रगति
बैठक में बताया गया कि भवन निर्माण विभाग द्वारा राज्य में 2615 पंचायत सरकार भवनों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से 327 भवनों का निर्माण पूर्ण हो चुका है। अगले दो से तीन महीनों में एक हजार पंचायत सरकार भवनों के निर्माण को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सचिव ने इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा नालंदा, लखीसराय, भोजपुर, दरभंगा सहित अन्य जिलों में सहकार भवनों तथा प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवनों की भी समीक्षा की गई। राज्य के 240 प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय तथा 59 प्रखंडों में प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं आवासीय परिसर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

गुणवत्ता पर विशेष सख्ती, दो बार मासिक बैठक के निर्देश
सचिव ने अभियंताओं से स्थल से जुड़ी समस्याओं पर रिपोर्ट तलब की, ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए गुणवत्ता अनुश्रवण रिपोर्ट की भी समीक्षा की गई। निर्देश दिया गया कि अभियंता और संवेदकों के साथ महीने में दो बार बैठक कर जिम्मेदारी तय की जाए।
निर्माण में प्रयुक्त ईंट, टाइल्स, बालू, छड़ जैसी सामग्रियों की गुणवत्ता जांच विभाग की केंद्रीय प्रयोगशाला में कराने का निर्देश दिया गया, ताकि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हो।

पीआईएमएस पोर्टल अपडेट करने के निर्देश
कार्यपालक अभियंताओं को पीआईएमएस ऑनलाइन पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट करने का निर्देश दिया गया। पोर्टल पर डाले गए आंकड़ों की उच्च स्तर पर निगरानी की जाएगी, जिससे योजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता पर सतत नियंत्रण रखा जा सके।

  • ये भी पढ़े..

    एलडीपी क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों को मिला नया ड्रेस सेट, अनुशासन और मेहनत को बताया सफलता की कुंजी

    Share Add as a preferred…

    डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह विवाद पर स्वास्थ्य विभाग का जवाब, जांच कमिटी गठित कर कार्रवाई की तैयारी

    Share Add as a preferred…