
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने जा रही है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने 2 फरवरी को टूर्नामेंट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी ऑलराउंडर दासुन शनाका को सौंपी गई है। इससे पहले दिसंबर में घोषित प्रारंभिक दल की कप्तानी भी शनाका को ही दी गई थी।
15 खिलाड़ियों को मिला मौका
मेगा इवेंट के लिए श्रीलंकाई टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला है।
टीम में पथुम निसांका, कुसल मेंडिस, कुसल परेरा और चरित असलंका जैसे सीनियर खिलाड़ियों को जगह दी गई है। वहीं युवा प्रतिभाओं के रूप में महीश थीक्षना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना और ईशान मलिंगा को भी स्क्वाड में शामिल किया गया है।
श्रीलंका अपने अभियान की शुरुआत 8 फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ करेगा। इसके बाद टीम का सामना ओमान, ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे से होगा। श्रीलंका ने साल 2012 में टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था और इस बार टीम एक बार फिर उसी इतिहास को दोहराने के इरादे से उतरेगी।
इंग्लैंड के खिलाफ मिली हार से बढ़ी चुनौती
वर्ल्ड कप से ठीक पहले श्रीलंका अपने घर में इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की टी-20 सीरीज खेल रही है। शुरुआती दो मुकाबले हारकर श्रीलंका सीरीज गंवा चुकी है, जिससे टीम का मनोबल जरूर प्रभावित हुआ है। अब आखिरी टी-20 मैच जीतकर टीम वर्ल्ड कप से पहले लय हासिल करना चाहेगी।
श्रीलंका की टी-20 वर्ल्ड कप 2026 टीम
दासुन शनाका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिसारा, कुसल मेंडिस, कामिंडु मेंडिस, कुसल जेनिथ परेरा, चरिथ असलंका, जेनिथ लियानगे, पवन रथनायके, वानिंदु हसरंगा, डुनिथ वेलालेज, महीश थीक्षना, दुष्मंथा चमीरा, मथीशा पथिराना, ईशान मलिंगा।
ग्रुप स्टेज में श्रीलंका के मुकाबले
- 8 फरवरी: बनाम आयरलैंड – कोलंबो
- 12 फरवरी: बनाम ओमान – पल्लेकेले
- 16 फरवरी: बनाम ऑस्ट्रेलिया – पल्लेकेले
- 19 फरवरी: बनाम जिम्बाब्वे – कोलंबो


