ICC Men’s T20 World Cup से बाहर हुई श्रीलंका, कप्तान दासुन शनाका पर गिर सकती है गाज

भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंकाई टीम का सफर खत्म हो गया है। ग्रुप स्टेज में चार में से तीन मुकाबले जीतकर दमदार शुरुआत करने वाली टीम सुपर 8 में लगातार दो हार के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर होने के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट में हलचल तेज हो गई है और कप्तान दासुन शनाका के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं।

कप्तानी और सिलेक्टर्स पर संकट

AFP की रिपोर्ट के मुताबिक खराब प्रदर्शन के बाद दासुन शनाका को कप्तानी से हटाया जा सकता है। साथ ही चयन समिति (सेलेक्टर्स) पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, टूर्नामेंट खत्म होने के बाद टीम के प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी और आवश्यक फैसले लिए जाएंगे।

इससे पहले पूर्व दिग्गज और कोच सनथ जयसूर्या ने संकेत दिया था कि वह टी20 वर्ल्ड कप के बाद हेड कोच पद छोड़ देंगे।

श्रीलंका क्रिकेट (SLC) के एक सूत्र ने कहा है कि टीम के पास अभी एक मैच बाकी है और उसके बाद पूरे अभियान की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

शनाका ने जताई नाराजगी

दासुन शनाका ने टीम के प्रदर्शन पर निराशा जताते हुए कहा कि बाहरी नकारात्मक माहौल खिलाड़ियों पर असर डालता है। उन्होंने कहा,
“हम कितने भी सकारात्मक क्यों न रहें, बाहर की नकारात्मक बातें चीजों को मुश्किल बना देती हैं। हमारे पास सिर्फ यही खेल है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं।”

सुपर 8 में लगातार दो हार

सुपर 8 चरण में श्रीलंका को न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। इन दो हारों ने सेमीफाइनल की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

अब श्रीलंका का आखिरी मुकाबला पाकिस्तान के खिलाफ है। माना जा रहा है कि इस मैच के बाद टीम मैनेजमेंट और नेतृत्व स्तर पर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

श्रीलंका के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद मेजबान देश के क्रिकेट फैंस को बड़ा झटका लगा है, वहीं आने वाले दिनों में श्रीलंकाई क्रिकेट में बड़े फैसलों की संभावना बढ़ गई है।

  • Related Posts