बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी, अब तक 2.88 करोड़ फॉर्म एकत्रित

पटना, 07 जुलाई 2025: बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यक्रम के तहत अब तक 2.88 करोड़ (36.47%) मतदाता नामांकन फॉर्म एकत्रित किए जा चुके हैं। यह प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिनांक 24 जून 2025 के आदेश के आलोक में संचालित की जा रही है। आयोग के निर्देशानुसार, 1 अगस्त 2025 को जारी होने वाले ड्राफ्ट मतदाता सूची में उन्हीं लोगों के नाम शामिल होंगे जिनके नामांकन फॉर्म प्राप्त हो जाएंगे।

पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड फॉर्म संग्रह

आज शाम 6 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, बिहार में कुल 7.90 करोड़ (7,89,69,844) पंजीकृत मतदाताओं में से 2,87,98,460 मतदाताओं के फॉर्म प्राप्त हुए हैं। केवल पिछले 24 घंटों में ही 1.18 करोड़ (1,18,49,252) फॉर्म संग्रहित किए गए हैं, जो एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। अंतिम तिथि तक अभी भी 18 दिन शेष हैं।

फॉर्म अपलोडिंग की गति में भी तेजी

अब तक कुल मतदाताओं के 11.26% फॉर्म ऑनलाइन ECINET पर अपलोड किए जा चुके हैं। आंशिक रूप से भरे हुए फॉर्म ECI पोर्टल (https://voters.eci.gov.in) एवं ECINET ऐप पर डाउनलोड हेतु उपलब्ध हैं। मतदाता स्वयं भी भरे हुए फॉर्म ECINET ऐप के माध्यम से अपलोड कर सकते हैं।

77,895 बीएलओ कर रहे घर-घर सर्वेक्षण

फॉर्म भरवाने और संग्रह करने के लिए 77,895 बूथ स्तर अधिकारी (BLOs) घर-घर जाकर कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा, 20,603 अतिरिक्त BLOs की नियुक्ति की जा रही है ताकि कार्य समय पर एवं सुचारू रूप से पूर्ण हो सके।

4 लाख से अधिक स्वयंसेवक कर रहे सहयोग

विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बीमार एवं असहाय लोगों की सहायता के लिए 4 लाख से अधिक स्वयंसेवक, जिनमें सरकारी कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस सदस्य आदि शामिल हैं, मैदान में सक्रिय हैं।

प्रशासनिक स्तर पर भी व्यापक तैयारी

प्रदेश के सभी 243 विधानसभा क्षेत्रों में 239 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (ERO), 963 सहायक EROs, 38 जिला निर्वाचन पदाधिकारी (DEOs) एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) कार्य में लगे हैं। साथ ही, विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त 1,54,977 बूथ लेवल एजेंट्स (BLAs) भी SIR प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी कर रहे हैं।


यह विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम राज्य में मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की दिशा में एक बड़ा अभियान है। मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी एवं सहयोग से यह प्रक्रिया सफलतापूर्वक आगे बढ़ रही है।


 

  • ये भी पढ़े..

    बिहार का खजाना खाली नहीं, तेजस्वी अनुभवहीन हैं; केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी का पलटवार

    Share Add as a preferred…

    सुल्तानगंज-अगुवानी गंगा पुल निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, 30 में से 27 पिलर तैयार, 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

    Share Add as a preferred…

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *