स्पेन का फाइनल में धमाकेदार प्रवेश, फ्रांस को 2-0 से हराकर तोड़ा एम्बापे का तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना

स्पोर्ट्स डेस्क | फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फ्रांस को 2-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस हार के साथ ही फ्रांस का तीसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना टूट गया, जबकि कप्तान किलियन एम्बापे का वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने का इंतजार भी बढ़ गया।

मुकाबले की शुरुआत दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर से हुई, लेकिन 22वें मिनट में स्पेन को पेनल्टी मिली। स्टार स्ट्राइकर माइकल ओयार्जाबेल ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर स्पेन को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह इस विश्व कप में उनका पांचवां गोल रहा।

पहले हाफ में बढ़त बनाने के बाद स्पेन ने दूसरे हाफ में भी अपना दबदबा बनाए रखा। 58वें मिनट में पेड्रो पोरो ने शानदार गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद फ्रांस ने वापसी की पूरी कोशिश की, लेकिन स्पेन की मजबूत डिफेंस और शानदार गेंद नियंत्रण के सामने एम्बापे एंड कंपनी बेबस नजर आई।

हार के बाद फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बापे ने स्वीकार किया कि टीम अपनी रणनीति पर अमल नहीं कर सकी। उन्होंने कहा कि उनकी योजना स्पेन को खुलकर खेलने से रोकने की थी, लेकिन स्पेन ने पूरे मैच में गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और बेहतर फुटबॉल खेली।

इस जीत के साथ स्पेन का लगातार 37 मैचों से अजेय रहने का सिलसिला भी बरकरार है। दूसरी ओर 1998 और 2018 की विश्व चैंपियन तथा 2022 की उपविजेता फ्रांस का सफर सेमीफाइनल में ही समाप्त हो गया।

अब स्पेन 20 जुलाई को न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले जाने वाले फाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से भिड़ेगी। 16 साल बाद स्पेन के पास एक बार फिर फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी अपने नाम करने का सुनहरा अवसर होगा।

  • ये भी पढ़े..

    FIFA World Cup 2026: स्पेन के स्टार लामिन यामाल नहीं, अब उनके 3 साल के भाई ने जीता दुनिया का दिल; सोशल मीडिया पर छाया ‘केने’

    Share Add as a preferred…

    FIFA World Cup 2026: इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच आज महामुकाबला, फाइनल में स्पेन से भिड़ने की होगी जंग; जानिए भारत में कब और कहां देखें LIVE

    Share Add as a preferred…