26 दिन बाद खत्म हुई सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल, जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में पिया पानी; छात्रों से की शांति बनाए रखने की अपील

नई दिल्ली: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने 26 दिनों तक चली अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में उन्होंने पानी पीकर अपना अनशन तोड़ा। इस दौरान उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो भी मौजूद रहीं। अस्पताल में मौजूद जेपी नड्डा ने स्वयं उन्हें कप से पानी पीने में मदद की।

छात्रों और युवाओं से की शांति की अपील

अनशन समाप्त करने के बाद सोनम वांगचुक ने देशभर के छात्रों और युवाओं से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में हिंसा का रास्ता नहीं अपनाना चाहिए।

वांगचुक ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने उनसे मुलाकात या पत्र लिखकर अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया था। उन्होंने कहा कि लंबी बातचीत और देश में संभावित तनाव को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के दौरान बनी सहमतियों और शर्तों की विस्तृत जानकारी वह जल्द ही एक अलग वीडियो संदेश के माध्यम से साझा करेंगे।

26 दिनों में 11 किलो घटा वजन

सोनम वांगचुक ने 28 जून को जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में भूख हड़ताल शुरू की थी। उनकी मांगों में शिक्षा व्यवस्था में सुधार, पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई और जवाबदेही तय करने जैसे मुद्दे शामिल थे।

लगातार 26 दिनों तक अनशन के दौरान उनका करीब 11 किलोग्राम वजन कम हो गया। स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें पहले सफदरजंग अस्पताल और बाद में मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सरकार की पहल के बाद टूटा अनशन

अनशन समाप्त होने से पहले केंद्र सरकार की ओर से छात्रों से संवाद की पहल की गई थी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामलों के लिए सख्त कानून और फास्ट-ट्रैक कोर्ट की दिशा में कदम उठाने की घोषणा की थी।

वांगचुक ने कहा कि हालिया घटनाक्रम और बातचीत की प्रक्रिया को देखते हुए उन्होंने अनशन समाप्त करने का फैसला किया।

PM मोदी ने दी शुभकामनाएं

सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री ने लिखा कि वे डॉक्टरों की सलाह का पालन करें, अपनी दिनचर्या सामान्य रखें और जल्द ही अपना पुराना स्वास्थ्य एवं वजन वापस प्राप्त करें। उन्होंने वांगचुक के उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना भी की।

  • ये भी पढ़े..

    CJP आंदोलन पर शाहरुख खान के नाम से वायरल पोस्ट निकला फर्जी, फैक्ट चेक में हुआ बड़ा खुलासा

    Share Add as a preferred…

    PM मोदी के वीडियो पर प्रकाश राज का तंज, बोले- ‘डर साफ दिख रहा है’; NEET मुद्दे पर बढ़ी सियासी बहस

    Share Add as a preferred…