
भागलपुर, 14 जुलाई 2025:श्रावणी मेला में उमड़ती कांवरियों की भारी भीड़ को देखते हुए भागलपुर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुल्तानगंज गंगा घाट से लेकर कच्ची कांवरिया पथ तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। एसएसपी हृदयकान्त लगातार व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और सोमवार को उन्होंने धांधी बेलारी (भागलपुर-बांका बॉर्डर) पर टेंट सिटी, अस्थायी थाना, कंट्रोल रूम और मेडिकल कैंप का निरीक्षण किया।
24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने तैनात पुलिसकर्मियों को 24 घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया। घाटों पर लूट या चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। मेला क्षेत्र में 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो कांवरियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं।
अस्थायी थानों और मजिस्ट्रेटों की तैनाती
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र में अस्थायी थानों की स्थापना की गई है। साथ ही 15 मजिस्ट्रेट क्षेत्र में तैनात किए गए हैं। कांवरिया पथ की निगरानी के लिए अश्वारोही दस्ते की तैनाती की गई है, जो लगातार गश्ती कर रहे हैं।
प्रशासन मुस्तैद
प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मिलकर श्रावणी मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में जुटे हुए हैं।


