
मालदा, 09 जुलाई 2025:श्रावणी मेला 2025 के शुभ अवसर पर पूर्व रेलवे के मालदा मंडल द्वारा सुल्तानगंज स्टेशन पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की गई हैं। यह मेला 11 जुलाई से 9 अगस्त 2025 तक चलेगा, जिसमें देशभर से लाखों श्रद्धालु जल भरकर बाबा धाम, देवघर की ओर कांवड़ यात्रा पर निकलते हैं।
मालदा मंडल रेल प्रबंधक श्री मनीष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में सभी विभागों की टीमें दिन-रात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। मेला अवधि में हर दिन एक वरिष्ठ अधिकारी को सुल्तानगंज स्टेशन पर तैनात किया गया है, जो सभी गतिविधियों की निगरानी करेंगे। साथ ही स्टेशन निदेशक/भागलपुर को मेला समन्वयक और सीएमआई/जमालपुर को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है।
प्रमुख व्यवस्थाएँ इस प्रकार हैं:
पेयजल:
स्टेशन परिसर व पर्यटक शेड में 24×7 स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, सभी जल स्रोतों की सफाई व निगरानी सुनिश्चित।
स्वच्छता:
प्लेटफॉर्म, शौचालय व परिसर की नियमित सफाई, अस्थायी शौचालयों की स्थापना और ड्रेनेज उन्नयन कार्य लगभग पूर्ण।
सूचना प्रणाली:
सूचना पट, P.A. सिस्टम द्वारा ट्रेनों व सुरक्षा से संबंधित नियमित उद्घोषणाएँ।
प्रकाश व विश्राम:
मेला शेड में पर्याप्त रोशनी, पंखे व हाई मास्ट टॉवर लाइट की व्यवस्था; 24 घंटे मेंटेनेंस स्टाफ तैनात।
चिकित्सा सेवाएँ:
मेडिकल सहायता केंद्र, नियमित चिकित्सक दौरे और सेंट जॉन एम्बुलेंस (जमालपुर) के सहयोग से आपात चिकित्सा सेवाएँ।
सुरक्षा व संचार:
40 CCTV कैमरे सक्रिय, अतिरिक्त कैमरों की व्यवस्था, RPF-GRP की संख्या में बढ़ोतरी, वॉकी-टॉकी सेट से लैस स्टाफ।
भीड़ प्रबंधन व सहायता:
“May I Help You” बूथ, चाइल्ड व महिला हेल्पलाइन, रेलवे स्काउट्स व गाइड्स की तैनाती।
ट्रेन संचालन:
29 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस, 6 जोड़ी पैसेंजर/लोकल और 2 जोड़ी TOD स्पेशल ट्रेनें पहले से संचालित,
मेला अवधि में 4 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस और 8 जोड़ी TOD स्पेशल ट्रेनों की अतिरिक्त व्यवस्था।
आपातकालीन व तकनीकी इंतजाम:
अग्निशमन यंत्र, तकनीकी स्टाफ की तैनाती, संयुक्त निरीक्षण से संवेदनशील स्थानों की पहचान और सुधार।
मालदा मंडल श्रद्धालुओं से अपील करता है कि वे संयम, अनुशासन और श्रद्धा के साथ इस पुण्य यात्रा को सफल बनाएं और रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन कर इस पवित्र आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और स्मरणीय बनाएं।


