मुंगेर में सेप्टिक टैंक हादसा : मजदूर की मौत, परिजनों ने गृहस्वामी पर लगाया हत्या का आरोप

मुंगेर, 16 अगस्त 2025।कासिम बाजार थाना क्षेत्र के पुरानी गंज मोहल्ले में शनिवार को सेप्टिक टैंक की सेटरिंग खोलने के दौरान बड़ा हादसा हुआ। टैंक में घुसे दो मजदूरों में से एक की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर हालत में है। मृतक की पहचान शंकरपुर निवासी अरुण कुमार (45) के रूप में हुई है। घायल संटू यादव का इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है।

परिजनों ने लगाया साजिश का आरोप

मृतक के स्वजन ने गृहस्वामी धर्मेंद्र कुमार पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यह कोई सामान्य हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश है। स्वजन ने थाना को लिखित शिकायत देने की घोषणा की है। अरुण कुमार परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। वे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे को छोड़ गए हैं।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, शिक्षक धर्मेंद्र कुमार के निर्माणाधीन मकान में ठेकेदार संजय कुमार के कहने पर सुबह करीब 9:30 बजे अरुण और संटू टैंक के अंदर उतरे। कुछ देर बाद जब कोई हलचल नहीं दिखी तो तीसरे मजदूर ने रस्सी के सहारे नीचे जाकर देखा। दोनों बेहोश पड़े थे। शोर मचाने पर लोग जुटे और बचाव कार्य शुरू हुआ।

स्थानीय लोगों ने फैन और कटर की मदद से गैस का असर कम किया और फिर रस्सी के सहारे दोनों को बाहर निकाला। अरुण को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

गृहस्वामी की सफाई

गृहस्वामी धर्मेंद्र कुमार का कहना है कि उन्होंने 15 अगस्त को मजदूरों को काम करने से मना किया था। हादसे की सूचना उन्हें भी बाद में मिली।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।


 

  • ये भी पढ़े..

    ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद को मिली जमानत, भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के बीच सहरसा पहुंचेंगे अंतिम संस्कार में

    Share Add as a preferred…

    भागलपुर में सिपाही भर्ती परीक्षा से पहले बड़ा खुलासा, कदाचार कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़; दो संदिग्ध हिरासत में

    Share Add as a preferred…