वैशाली में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज खुलासा: ममेरी बहन से प्रेम पड़ा भारी, मामा समेत 6 पर हत्या की साजिश का आरोप

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ममेरी बहन से प्रेम संबंध, शादी की जिद और कथित ब्लैकमेल के विवाद में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि हत्या की साजिश युवक के ही मामा और परिजनों ने मिलकर रची थी। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी निवासी नीतीश कुमार की पहचान मृतक के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आर्थिक तंगी के कारण वह लंबे समय तक अपने मामा के घर रहता था। इसी दौरान उसकी ममेरी बहन कुमकुम से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।

शादी का दबाव और ब्लैकमेल बना विवाद की वजह

जांच में सामने आया कि जब परिवार को दोनों के रिश्ते की जानकारी मिली तो युवती के पिता मनोज राय ने नीतीश को घर से निकाल दिया। इसके बाद वह काम के लिए चेन्नई चला गया, लेकिन दोनों का संपर्क बना रहा।

पुलिस के मुताबिक, नीतीश कथित तौर पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा और व्हाट्सएप पर दोनों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भेजकर युवती को ब्लैकमेल करने लगा। इसी विवाद ने बाद में खूनी रूप ले लिया।

चेन्नई से लौटते ही रची गई हत्या की साजिश

पुलिस जांच के अनुसार, युवती के पिता मनोज राय, उसके भाई लाल बाबू राय और अन्य लोगों ने मिलकर नीतीश की हत्या की योजना बनाई। जैसे ही वह चेन्नई से अपने गांव लौटा, आरोपियों ने उसे अगवा कर पटना ले गए, जहां दो दिनों तक अपने कब्जे में रखा। समझाने की कोशिश नाकाम रहने पर उसे वैशाली के राघोपुर दियारा स्थित जुराबनपुर थाना क्षेत्र के सुनसान इलाके में ले जाकर हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए शव को जलाने का भी प्रयास किया गया, लेकिन शव पूरी तरह नहीं जल सका।

टैटू से हुई पहचान, मामा गिरफ्तार

घटना के तीन दिन बाद ग्रामीणों ने जंगल में जला हुआ शव और कटा हुआ हाथ देखकर पुलिस को सूचना दी। पोस्टमार्टम के दौरान एक अज्ञात सूचना के आधार पर शव पर बने टैटू से उसकी पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने मृतक के मामा लाल बाबू राय को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इस हत्याकांड में कुल छह लोगों की संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

  • ये भी पढ़े..

    पूर्वी चंपारण: वाटर पार्क परियोजना पर बढ़ा विवाद, जमीन बचाने सड़क पर उतरे किसान; सुधाकर सिंह ने सरकार को दी चेतावनी

    Share Add as a preferred…

    मेदांता अस्पताल पहुंचे अनंत सिंह, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव का जाना हाल, पेसमेकर इंप्लांट के बाद डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी

    Share Add as a preferred…